बैठक में अब तक व्यापारियों के कल्याण के लिए की गई पहलों की समीक्षा की गई
नई दिल्ली । राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड (भारत सरकार) की आठवीं बैठक सफलतापूर्वक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता बोर्ड के चेयरमैन सुनील सिंघी ने की। इस अवसर पर व्यापार एवं उद्योग की प्रगति और “विकसित भारत – विकसित व्यापार” के संकल्प को साकार करने पर व्यापक विचार-विमर्श हुआ।
छत्तीसगढ़ से बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी ने बैठक में रिटेल ट्रेड पॉलिसी पर विशेष ध्यान केंद्रित किया। उन्होंने छोटे और मध्यम व्यापारियों के हितों की सुरक्षा, नीति में स्पष्टता और समान अवसर सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर अपने सुझाव बोर्ड के चेयरमैन तक पहुचाए। इसके अलावा, उन्होंने स्वदेशी उत्पादों की खरीद- बिक्री को प्रोत्साहित करने और रिटेल सेक्टर को सशक्त बनाने पर भी जोर दिया।

बैठक में अब तक व्यापारियों के कल्याण के लिए की गई पहलों की समीक्षा की गई और सुझावों को नीति निर्माण में शामिल करने पर चर्चा हुई। राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड की कार्यक्षमता और प्रभावशीलता बढ़ाने के उपायों पर भी विचार-विमर्श हुआ।
इस बैठक में 9 मंत्रालयों के संयुक्त सचिव, अधिकारी और पूरे भारत से बोर्ड के नामित सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य आकर्षण अमर पारवानी और चेयरमैन सुनील सिंघी के बीच रिटेल ट्रेड पॉलिसी पर विस्तृत संवाद रहा।







