स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में युवा क्रिएटर्स से पॉडकास्ट शैली में संवाद, 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में दिए गए पुरस्कार
रायपुर। छत्तीसगढ़ की संस्कृति, पर्यटन, लोकजीवन और परंपराओं को डिजिटल माध्यम से देश-दुनिया तक पहुंचाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स प्रदेश की नई पहचान गढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के कंटेंट क्रिएटर्स प्रदेश के डिजिटल ब्रांड एंबेसडर हैं, जो अपनी रचनात्मकता और कैमरे के माध्यम से राज्य की खूबसूरत तस्वीर लोगों तक पहुंचा रहे हैं।
मुख्यमंत्री मंगलवार को राजधानी रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने युवा क्रिएटर्स से पॉडकास्ट शैली में संवाद किया और अपने राजनीतिक, सामाजिक तथा व्यक्तिगत जीवन के अनुभव साझा किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म आज सूचना, संवाद और जनजागरूकता के प्रभावी माध्यम बन चुके हैं। कंटेंट क्रिएटर्स की पहुंच लाखों लोगों तक है। वे मनोरंजन के साथ सामाजिक जागरूकता और जनहित के विषयों को भी प्रभावी ढंग से सामने ला सकते हैं। छत्तीसगढ़ के जनजातीय और ग्रामीण अंचलों की कला-संस्कृति, परंपराओं तथा अनछुए पर्यटन स्थलों को दुनिया तक पहुंचाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
जनता की पसंद से चुने गए क्रिएटर्स
कार्यक्रम में सार्वजनिक वोटिंग के माध्यम से लोगों ने अपने पसंदीदा क्रिएटर्स का चयन किया। इस आयोजन में 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। फूड, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा, लाइफस्टाइल सहित विभिन्न क्षेत्रों में डिजिटल माध्यम से उल्लेखनीय योगदान देने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया।
पंच से मुख्यमंत्री तक का सफर साझा किया
युवा क्रिएटर्स के साथ संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने पंच से निर्विरोध सरपंच, विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री तक के अपने सफर के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि कम उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। पढ़ाई के साथ परिवार की जिम्मेदारियां निभाते हुए वे सार्वजनिक जीवन में आए। गांव के लोगों ने उन्हें पंच और फिर सरपंच चुना। इसके बाद जनता के आशीर्वाद से विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा का अवसर मिला।
किसानों की समृद्धि सरकार की प्राथमिकता
खेती-किसानी से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वे किसान परिवार से आते हैं और खेती को करीब से देखा है। खेती ने उन्हें धैर्य, परिश्रम और जमीन से जुड़े रहने की सीख दी है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की जरूरतों और समस्याओं को समझते हुए उनके हित में कार्य कर रही है। प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। पात्रता के अनुसार निर्धारित मात्रा से कम धान बेचने वाले किसानों को भी आदान सहायता का लाभ दिया जा रहा है।







