अपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरप्रादेशिक-जिलासमाचारसमाज

पुन्नी मेले का भव्य आगाज, कार्तिक पूर्णिमा पर महादेवघाट में उमड़े श्रद्धालु

श्रद्धा भगवान हटकेश्वर महादेव के दर्शन कर जलाभिषेक किया
-मेले की शुरुआत 600 साल पहले वर्ष 1428 ईस्वी में हुई थी

रायपुर। राजधानी के महादेवघाट में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर पारंपरिक पुन्नी मेले की शुरुआत हो गई है। मंगलवार सुबह से ही खारून नदी के तट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। प्रदेशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने पवित्र नदी में कार्तिक स्नान किया और भगवान हटकेश्वर महादेव के दर्शन कर जलाभिषेक किया।

दीपदान के लिए उमड़े श्रद्धालु
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर महादेवघाट में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने खारून नदी में आस्था की डुबकी लगाई। स्नान के बाद लोगों ने पूजा-अर्चना की और नदी में दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदी में स्नान और दीपदान का विशेष महत्व है। इसी परंपरा को निभाने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग महादेवघाट पहुंचे।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश ने भी किया कार्तिक स्नान
पुन्नी मेले के अवसर पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी महादेवघाट पहुंचे। उन्होंने खारून नदी में कार्तिक स्नान कर आस्था की डुबकी लगाई। इसके बाद भगवान हटकेश्वर महादेव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
करीब 600 साल पुरानी है पुन्नी मेले की परंपरा
महादेवघाट का पुन्नी मेला अपनी ऐतिहासिक और धार्मिक परंपरा के लिए प्रसिद्ध है। मान्यता के अनुसार, इस मेले की शुरुआत करीब 600 साल पहले वर्ष 1428 ईस्वी में हुई थी।


पुन्नी मेले की परंपरा शुरू होने की मान्यता
मान्यता है कि कहा जाता है कि कलचुरी (हैहयवंशी) राजा ब्रह्मदेव को संतान प्राप्ति नहीं हो रही थी। उन्होंने खारून नदी के तट पर प्रकट हुए स्वयंभू शिवलिंग की पूजा-अर्चना कर संतान प्राप्ति की मन्नत मांगी थी। मान्यता है कि भगवान शिव की कृपा से उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई। इसके बाद राजा ने वर्ष 1428 ईस्वी में यहां भव्य हटकेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण कराया। मंदिर निर्माण की खुशी में कार्तिक पूर्णिमा के दिन राजा ने ग्रामीणों के लिए भोजन, ठहरने और मनोरंजन की व्यवस्था की थी। इसी आयोजन से पुन्नी मेले की परंपरा शुरू होने की मान्यता है।


हर साल कार्तिक पूर्णिमा पर जुटते हैं हजारों श्रद्धालु
तब से हर साल कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर महादेवघाट में पुन्नी मेले का आयोजन किया जाता है। इस दौरान श्रद्धालु भगवान हटकेश्वर महादेव के दर्शन करते हैं, खारून नदी में पवित्र स्नान करते हैं और दीपदान कर पुण्य लाभ की कामना करते हैं। पुन्नी मेला छत्तीसगढ़ की धार्मिक आस्था, संस्कृति और लोकपरंपरा का महत्वपूर्ण प्रतीक है। हर साल की तरह इस बार भी मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *