राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया सम्मानित
रायपुर | छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में स्थित लिंगो मुदियाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र की अधिष्ठाता और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रत्ना नशीने को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए “MY Bharat NSS राष्ट्रीय पुरस्कार (2022-23)” से सम्मानित किया गया है।

यह सम्मान उन्हें राष्ट्रपति भवन, नई दिल्ली में आयोजित गरिमामयी समारोह में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू द्वारा प्रदान किया गया। इस पुरस्कार के तहत महाविद्यालय को ₹2.50 लाख और डॉ. नशीने को व्यक्तिगत रूप से ₹1.50 लाख की सम्मान राशि प्रदान की गई।
प्रदेश का गौरव बनीं डॉ. रत्ना नशीने
डॉ. रत्ना नशीने ने विगत वर्षों में नारायणपुर और ओरछा ब्लॉक के आदिवासी क्षेत्रों में रक्तदान, नशा मुक्ति, जैविक खेती, सड़क सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण, डिजिटल साक्षरता, पर्यावरण जागरूकता जैसे अनेक सामाजिक अभियानों का नेतृत्व किया।
उनके कार्यों से हजारों ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिला, जिनमें प्रधानमंत्री जन-धन योजना, फसल बीमा योजना, उज्ज्वला योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, POSCO एक्ट जैसी योजनाएं शामिल हैं।

प्रभावशाली कार्यों की झलकियां:
- 22421 पौधों का वृक्षारोपण एवं 48,000 सीड बॉल्स का वितरण
- 39 सौर पंपों की स्थापना से गैर-पारंपरिक ऊर्जा को बढ़ावा
- 3,000 से अधिक किसानों को योजनाओं से लाभ
- अबूझमाड़ जैसे दुर्गम अंचलों में 2500 घरों में तिरंगा फहराया
- कोविड-19 टीकाकरण हेतु 12000 मास्क वितरण, घर-घर जाकर जागरूकता अभियान
- सड़क सुरक्षा पर नुक्कड़ नाटक, गीत, वीडियो के माध्यम से संवाद
- महिला सशक्तिकरण के अंतर्गत स्वास्थ्य व रोजगारपरक प्रशिक्षण कार्यक्रम

नक्सल क्षेत्र में NSS की प्रेरक पहल
नारायणपुर जिले के आदिवासी बहुल क्षेत्रों में राष्ट्रीय सेवा योजना की इकाई द्वारा कुपोषण, एनीमिया, पारंपरिक कृषि प्रणाली और स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं के समाधान हेतु स्थायी प्रयास किए गए।
स्वच्छता अभियान, तंबाकू मुक्त परिसर निर्माण और साइबर सुरक्षा जागरूकता जैसे विषयों पर भी NSS की भूमिका उल्लेखनीय रही।

बहुप्रशंसित सेवाएं और सम्मान
डॉ. नशीने को अब तक
🏆 7 अंतर्राष्ट्रीय,
🎖️ 26 राष्ट्रीय,
🏅 7 राज्य स्तरीय और
📜 5 जिला स्तरीय सम्मान
प्राप्त हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त 2021-22 में राज्य स्तरीय NSS श्रेष्ठ कार्यक्रम अधिकारी पुरस्कार भी उन्हें मिल चुका है।






