अपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरसमाचार

साइंस कॉलेज चौपाटी 15 नवंबर के बाद हटेगी, आमानाका ओवरब्रिज के नीचे होगा शिफ्ट

बनेगा एक हजार सिटिंग वाला लाइब्रेरी, जल्द गर निगम और स्मार्ट सिटी लिमिटेड की टीमें जुटेंगी

रायपुर। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान के सामने बनी चर्चित चौपाटी को अब हटाने की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। नगर निगम प्रशासन ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली है, और 15 नवंबर के बाद कभी भी कार्रवाई शुरू की जा सकती है। निगम अधिकारियों के अनुसार चौपाटी को दो दिनों के भीतर पूरी तरह शिफ्ट कर आमानाका ओवरब्रिज के नीचे स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इस काम में नगर निगम और स्मार्ट सिटी लिमिटेड की टीमें जुटेंगी।

लगभग 60 दुकानें संचालित
वर्तमान में चौपाटी में लगभग 60 दुकानें संचालित हैं। सभी को पहले ही नोटिस जारी किया जा चुका है। लगभग छह करोड़ रुपये की लागत से रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा बनी यह चौपाटी दो वर्ष पहले शुरू हुई थी और शाम को रायपुर व आसपास के लोगों के लिए पसंदीदा फूड जोन बन चुकी थी। हालांकि अब इसे शैक्षणिक क्षेत्र में व्यावसायिक उपयोग के उल्लंघन के कारण हटाया जा रहा है।

नगरीय प्रशासन विभाग का निर्देश
नगरीय प्रशासन विभाग ने नगर निगम को पत्र जारी कर चौपाटी हटाने के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि यह यूथ हब के नाम पर बनाई गई थी, लेकिन यह अब व्यावसायिक केंद्र बन गई है, जो मास्टर प्लान के नियमों के अनुरूप नहीं है। कांग्रेस शासनकाल में बनी इस चौपाटी का भाजपा ने विरोध किया था। पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने इसे गलत योजना बताते हुए 14 दिनों तक धरना दिया था। साथ ही हाईकोर्ट में याचिका भी दाखिल किया था, जो खारीज हो गई थी।

चौपाटी की जगह बनेगा ‘नालंदा-2Ó परिसर
अब इस जगह पर 20 करोड़ रुपये की लागत से नालंदा-2 लाइब्रेरी बनाई जाएगी। नालंदा-1 के पास बनने वाली यह आधुनिक 24 घंटे खुली रहने वाली लाइब्रेरी में 1000 से अधिक अभ्यर्थियों की बैठने की क्षमता होगी। जिसका निर्माण कार्य दिसंबर से शुरू होने की संभावना है।

व्यवसायियों की चिंता आमानाका की लोकेशन असुरक्षित
आमानाका ओवरब्रिज के नीचे चौपाटी शिफ्ट करने की जगह पर पहले से गैराज, पंचर दुकानें और झुग्गी बस्ती हैं। यहां पार्किंग की व्यवस्था नहीं, और शाम होते ही नशेड़ियों का जमावड़ा रहता है। पिछले महीनों में चाकूबाजी और लूट की घटनाएं भी हो चुकी हैं। कारोबारी इसे लेकर असहज हैं और उनका कहना है कि चौपाटी के लिए सुरक्षित माहौल और रोशनी जरूरी है। आमानाका में लोकेशन और माहौल की कमी से दुकानदारों को कारोबार पर असर की चिंता है।

इन्होंने क्या कहा जानें
चौपाटी वाली जगह पर लाइब्रेरी बनाने का टेंडर नगरीय प्रशासन विभाग की ओर से जारी किया गया है। निगम को सिर्फ शिफ्टिंग के लिए पत्र लिखा गया है।
मीनल चौबे, महापौर,ननि रायपुर

चौपाटी स्थनांतरित करना निजी हठ
चौपाटी स्थनांतरित करना निजी हठ है। किसी को किसी प्रकार की परेशानी नहीं है। सरकार ऐसा काम कर रही है, जिसकी आवश्कता नहीं है। करोड़ रुपये बर्बाद करने पर तुली है।
आकाश तिवारी, नेता प्रतिपक्ष ननि रायपुर

जल्द ही प्रक्रिया पूरी की जाएगी
शासन ने साइंस कालेज मैदान के सामने बनी चौपाटी को हटाकर आमानाका ब्रिज के नीचे स्थानांतरित करने कहा गया है। जल्द ही प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

  • अतुल चोपड़ा, मैनेजर सिविल रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *