ताजा खबरअपडेटसमाचार

छत्तीसगढ़ आवास मंडल ने रचा नया इतिहास, एक ही वर्ष में संपत्ति बिक्री 1,022 करोड़ रुपये के पार, पहली बार बना रिकॉर्ड

रायपुर, ।छत्तीसगढ़ आवास मंडल ने वर्ष 2025 में राज्य के आवास क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। जनवरी से दिसंबर 2025 के बीच मंडल ने आवासीय और व्यावसायिक श्रेणी की कुल 4,689 संपत्तियों की बिक्री कर 1,022 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया। यह उपलब्धि मंडल के गठन के बाद अब तक की सबसे अधिक वार्षिक बिक्री है और राज्य के आवास क्षेत्र में एक नया मानक स्थापित करती है।

यह ऐतिहासिक सफलता मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की सुशासन नीति, आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी के मार्गदर्शन तथा आवास मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव के नेतृत्व में हासिल हुई है। योजनाबद्ध कार्यप्रणाली, नीति सरलीकरण और पारदर्शिता के चलते नागरिकों का भरोसा आवास मंडल पर लगातार मजबूत हुआ है।

आवास मंडल की शुरुआत से ही आर्थिक रूप से कमजोर और निम्न आय वर्ग को प्राथमिकता दी गई है। अब तक निर्मित लगभग 70 प्रतिशत आवास इन्हीं वर्गों के लिए बनाए गए हैं। पिछले पांच वर्षों में जहां औसतन 1,387 संपत्तियों की वार्षिक बिक्री (लगभग 262 करोड़ रुपये) होती थी, वहीं 2025 में यह आंकड़ा चार गुना से अधिक बढ़ गया।

वर्ष 2025 में राज्य सरकार की ओटीएस-2 (वन टाइम सेटलमेंट) योजना ने बिक्री बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस योजना के तहत 30 प्रतिशत तक की छूट देकर 1,452 संपत्तियों की बिक्री से 220 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ, जिससे मध्यम और निम्न आय वर्ग को सीधा लाभ मिला।

इसके अलावा 23 से 26 नवंबर 2025 तक रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय आवास एक्सपो में 26 जिलों की 56 नई योजनाएं लॉन्च की गईं। इस दौरान 305 करोड़ रुपये की संपत्तियां बेची गईं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इसे जनता-केंद्रित नीतियों की सफलता बताते हुए आवास मंडल की पूरी टीम को बधाई दी, वहीं मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पात्र नागरिक को सुरक्षित, सम्मानजनक और किफायती आवास उपलब्ध कराना है।

समाज में कुछ बेहतर और उससे ज्यादा नवाचार की खबरे। व्यवसाय खबर डॉट कॉम का लक्ष्य नकारात्मक के बजाय सकारात्मक खबरों से समाज के हर वर्ग जागरूक किया जाय । पुरी कोशिश की सही और निष्पक्ष-मंथन के बाद खबरे वेबसाइट पर प्रकाशित हो।। पत्रकारिता से गहरा लगाव, सोच यही…

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts