रानीतराई–पाटन–भिलाई तक फैला जाली नोटों का जाल, पति-पत्नी गिरफ्तार
रायपुर। दुर्ग जिले में नकली नोटों के एक संगठित नेटवर्क का खुलासा हुआ है, जिसने स्थानीय बाजारों और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रायपुर से सटे सोनपैरी गांव में रहने वाला एक पति-पत्नी घर में ही 500, 200 और 100 रुपये के नकली नोट छापकर रानीतराई, पाटन और भिलाई के साप्ताहिक बाजारों में खपा रहे थे। पुलिस की सतर्कता से इस धोखाधड़ी का पर्दाफाश हुआ और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
साप्ताहिक बाजार में टूटा शक, खुली पोल

दुर्ग एसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि 29 दिसंबर 2025 की शाम रानीतराई साप्ताहिक बाजार में व्यापारियों को नकली नोट चलने की सूचना मिली। एक सब्जी विक्रेता ने 60 रुपये की खरीदारी के बदले मिले 500 रुपये के नोट को जब गौर से देखा और छुआ, तो नोट की बनावट और नंबर संदिग्ध लगे। अन्य व्यापारियों ने भी अपने पास आए नोटों की जांच की, जिसमें कई नकली नोट पाए गए।
जांच के दौरान पता चला कि एक पुरुष और महिला जोड़ी बाजार में घूम-घूमकर सब्जी व घरेलू सामान खरीद रही थी और बड़े नोट देकर नकली मुद्रा चला रही थी। पूछताछ में सामने आया कि यह जोड़ी केवल रानीतराई ही नहीं, बल्कि पाटन और भिलाई के बाजारों में भी नकली नोट चला चुकी थी।
घर में छपाई, बाजारों में सप्लाई
मुख्य आरोपी अरुण कुमार तुरंग ने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने ऑनलाइन कलर फोटो कॉपी प्रिंटर और विशेष कागज मंगवाया था। घर पर ही नकली नोटों की छपाई की जाती थी, जिन्हें काटकर बाजारों में खपाया जाता था ताकि छोटे व्यापारी जल्दी पहचान न सकें। आरोपी एक बार में 5 से 6 हजार रुपये के नकली नोट लेकर बाजार जाता और छोटे-छोटे सामान खरीदकर पूरे नोट को चला देता था।
भारी मात्रा में नकली नोट जब्त
पुलिस ने सोनपैरी स्थित आरोपियों के घर से

- कलर फोटो कॉपी मशीन
- नकली नोट छापने का कागज
- 1 लाख 65 हजार 300 रुपये के नकली नोट
बरामद किए। बाजार से पहले ही जब्त किए गए 5200 रुपये को मिलाकर कुल 1 लाख 70 हजार 500 रुपये के नकली नोट जब्त किए गए हैं।
एसपी का सख्त संदेश
एसपी विजय अग्रवाल ने कहा कि नकली नोटों का चलन बाजार व्यवस्था और आम जनता के भरोसे पर सीधा हमला है। ऐसे अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच जारी है।
बाजारों में अलर्ट, व्यापारियों से अपील
घटना के बाद रानीतराई, पाटन और भिलाई के बाजारों में पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। व्यापारियों से अपील की गई है कि
- बड़े नोट लेते समय सावधानी बरतें
- संदिग्ध नोट मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें
- नकली नोट पहचानने के तरीकों को समझें







