14 वर्ष पूरी कर 15 से कम आयु की बालिकाओं के लिए HPV टीकाकरण शुरू

रायपुर। सरकार द्वारा चलाए जा रहे HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान के तहत आज से इम्यूनाइजेशन क्लिनिक में वैक्सीनेशन की शुरुआत कर दी गई है। इस अभियान में 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम उम्र की बालिकाएं पात्र होंगी। एम्स रायपुर, मातृ-शिशु अस्पताल कालीबाड़ी, जिला अस्पताल और सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में यह वैक्सीनेशन अभियान संचालित किया जा रहा है।

एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है
स्वास्थ्य विभाग ने अभियान शुरू होने से पहले ही सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए थे, जिससे व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित हो सकें। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बताया कि एचपीवी वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और इसे सरकार द्वारा नि:शुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक किशोरियां इसका लाभ ले सकें।
किशोरी को प्रमाण पत्र प्रदान किया जा रहा
उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण से भविष्य में सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि वैक्सीनेशन के बाद प्रत्येक किशोरी को प्रमाण पत्र प्रदान किया जा रहा है, जिससे भविष्य में उसका रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा।

निजी अस्पतालों में 10,000 रुपए में मिलती है वैक्सीन
गौरतलब है कि निजी अस्पतालों में यही एचपीवी वैक्सीन 2,000 से 10,000 रुपए तक में उपलब्ध है, जबकि शासकीय स्तर पर इसकी लागत लगभग 200 रुपए प्रति डोज है, जिसे सरकार द्वारा पूरी तरह मुफ्त में दिया जा रहा है।
भविष्य में गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता हैटीकाकरण के लिए बालिकाओं को निर्धारित इम्यूनाइजेशन क्लिनिक में उपस्थित होना होगा, जहां पंजीयन के बाद वैक्सीन लगाई जाएगी। विशेषज्ञों के अनुसार यह टीका किशोरावस्था में लगाने से सबसे अधिक प्रभावी होता है और भविष्य में गंभीर बीमारियों से सुरक्षा प्रदान करता है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बालिकाओं को इस अभियान का लाभ दिलाएं और समय पर टीकाकरण सुनिश्चित करें।







