आठ महीने पुराने स्तर पर पहुंचे दाम
रायपुर। बाजार में लंबे समय से सुस्त मांग के कारण गिरती रही सरिया की कीमतों में एक बार फिर तेजी दर्ज की गई है। बीते पखवाड़े भर में सरिया के दाम 3500 रुपये प्रति टन तक बढ़ गए हैं।
तेजी के बाद फैक्ट्रियों में सरिया 53 हजार रुपये प्रति टन, जबकि रिटेल बाजार में 55,200 रुपये प्रति टन तक बिक रहा है। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में कीमतों में और उछाल संभव है। हालांकि, सीमेंट की कीमतों में फिलहाल स्थिरता बनी हुई है।
व्यापारियों के अनुसार स्थानीय के साथ-साथ बाहरी मांग में भी तेजी आई है। इसके अलावा कच्चे माल की बढ़ती लागत ने भी सरिया की कीमतों को ऊपर धकेला है।
49 हजार तक पहुंच गए थे दाम
सुस्त मांग के चलते पहले सरिया के दाम गिरकर 49 हजार रुपये प्रति टन तक पहुंच गए थे। इसके बाद कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रहा और सरिया 50 से 51 हजार रुपये प्रति टन के स्तर पर बना रहा, लेकिन अब एक बार फिर तेजी देखी जा रही है।
ईंट भी महंगी
निर्माण सामग्री में ईंटों की कीमतों में भी तेजी बनी हुई है। वर्तमान में ईंट 7500 से 8000 रुपये प्रति हजार की दर से बिक रही है। वहीं, रेत की कीमतों में मामूली गिरावट दर्ज की गई है।







