अपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरदिल्लीसमाचार

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स राजस्थान में 24 नवंबर से 5 दिसंबर तक; खेल मंत्री डॉ. मंडाविया ने कहा – ‘KIUG गौरव की दिशा में पहला कदम

जयपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा और भरतपुर — में किया जाएगा

नई दिल्ली। पाँचवें खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स (KIUG) 2025 का आयोजन 24 नवंबर से 5 दिसंबर तक राजस्थान के सात शहरों — जयपुर, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर, बीकानेर, कोटा और भरतपुर — में किया जाएगा। इस 12 दिवसीय आयोजन में देशभर के 200 से अधिक विश्वविद्यालयों के 5,000 से अधिक एथलीट भाग लेंगे।

इस वर्ष के संस्करण में कुल 23 मेडल स्पोर्ट्स और एक डेमोंस्ट्रेशन स्पोर्ट (खो-खो) शामिल हैं। पहली बार बीच वॉलीबॉल, कैनोइंग और कयाकिंग, तथा साइक्लिंग को मेडल स्पोर्ट्स में जोड़ा गया है, जबकि खो-खो को डेमोंस्ट्रेशन इवेंट के रूप में प्रदर्शित किया जाएगा।

युवा मामले एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मंडाविया ने कहा कि “खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स भारत के खेल विकास पथ में एक महत्वपूर्ण कड़ी हैं। विश्वविद्यालय स्तर पर आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का राष्ट्रीय मंच प्रदान करती है। राजस्थान संस्करण उन खिलाड़ियों के लिए गौरव की दिशा में पहला कदम साबित होगा, जो भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने का सपना देखते हैं।”

डॉ. मंडाविया ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया – खेलों को जन आंदोलन बनाने’ के विज़न के अनुरूप यह पहल देश में खेल प्रतिभा, भागीदारी और उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने वाला एक मजबूत पारिस्थितिकी तंत्र बना रही है। उन्होंने कहा कि “यह आयोजन न केवल युवाओं को खेल और शिक्षा में संतुलन बनाने की प्रेरणा देगा, बल्कि प्रतियोगिता और सौहार्द के माध्यम से ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी मजबूत करेगा।

पिछले वर्ष पूर्वोत्तर भारत में आयोजित चौथे KIUG में चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी ने खिताब जीता था, जबकि लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी और गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी, अमृतसर क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहीं।

खेलो इंडिया योजना युवा मामले एवं खेल मंत्रालय की प्रमुख योजना है, जिसके अंतर्गत अब तक देशभर में 20 संस्करणों का सफल आयोजन किया जा चुका है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *