रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ड्राई बना हुआ है। दिन में गर्मी और सुबह-रात में ठंड का एहसास हो रहा है। वहीं अगले 48 घंटों में सुबह और रात में हल्की ठंड बढ़ने की संभावना है। कुछ जगहों पर शनिवार को बादल छाए रहे। दुर्ग-भिलाई में धूप पूरी तरह नहीं खिल सकी। दिनभर हल्की गर्मी और उमस महसूस की गई। मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों के दौरान राज्य में कहीं भी वर्षा दर्ज नहीं की गई।
राज्य में सबसे ज्यादा तापमान राजधानी रायपुर में 34.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान सरगुजा संभाग के अंबिकापुर में 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है, लेकिन इसमें उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने बताया कि वर्तमान में दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और उससे लगे भारतीय भूमध्य रेखीय सागर के ऊपर एक निम्न दाब का क्षेत्र बना हुआ है। यह सिस्टम जमीन से करीब 5.8 किलोमीटर ऊपर स्थित है। उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक इसके असर के संकेत मिल रहे हैं। इसके साथ ही ऊपरी स्तर पर पछुआ हवाएं भी बह रही हैं।








