अपडेटएजुकेशनजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरसमाचार

नई शिक्षा नीति, साइबर पत्रकारिता पाठ्यक्रम और कैंपस प्लेसमेंट को मिली प्राथमिकता

कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता विश्वविद्यालय की कार्य परिषद की 63वीं बैठक संपन्न

रायपुर, 9 अक्टूबर 2025।
कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय, रायपुर की 63वीं कार्य परिषद बैठक गुरुवार को पूर्वान्ह 11 बजे विश्वविद्यालय परिसर में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता कुलपति एवं रायपुर संभागायुक्त महादेव कावरे ने की।

बैठक की शुरुआत में हाल ही में मनोनीत व निर्वाचित हुए कार्य परिषद सदस्यों — विधायक श्री रिकेश सेन, डॉ. संपत अग्रवाल, इंद्र कुमार साहू, तथा मुख्यमंत्री द्वारा मनोनीत सदस्य आर. कृष्णा दास और प्रभात मिश्र — का पारंपरिक रूप से शाल, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।

बैठक के प्रमुख निर्णय और घोषणाएं:

राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 को मिली प्राथमिकता

सदस्यों ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के अनुरूप विश्वविद्यालय के पाठ्यक्रमों को और अधिक समकालीन, व्यावसायिक और छात्रोन्मुखी बनाने पर बल दिया, जिससे प्रदेश के प्रतिभाशाली छात्रों को अधिक अवसर मिल सकें।

डिजिटल सुविधा विस्तार को मंजूरी

छात्रों और प्रशासन की डिजिटल आवश्यकताओं को देखते हुए लैपटॉप एवं कंप्यूटर सिस्टम की खरीदी को कार्य परिषद ने स्वीकृति प्रदान की।

संसाधनों के लिए निधि जुटाने की योजना

संसाधनों की पूर्ति हेतु विश्वविद्यालय द्वारा स्वेच्छानुदान, सांसद निधि, विधायक निधि एवं अन्य सरकारी योजनाओं से वित्तीय सहयोग प्राप्त करने हेतु जनप्रतिनिधियों को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया। विश्वविद्यालय का छठवां दीक्षांत समारोह जनवरी 2026 में आयोजित करने की स्वीकृति दी गई।

गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों को राहत

गैर-शैक्षणिक कर्मचारियों के लिए समयमान वेतनमान को कार्योत्तर स्वीकृति प्रदान की गई।


नए युग के अनुरूप पाठ्यक्रम

साइबर सुरक्षा और साइबर पत्रकारिता जैसे नवीन और समसामयिक विषयों पर आधारित नए पाठ्यक्रम प्रारंभ किए जाने का निर्णय लिया गया। इन पाठ्यक्रमों को तत्काल लागू करने हेतु आवश्यक कार्यवाही के निर्देश भी दिए गए।


कैंपस प्लेसमेंट को मिलेगा प्रोत्साहन

मीडिया शिक्षा एवं अन्य विभागों के विद्यार्थियों के लिए 100% कैंपस प्लेसमेंट सुनिश्चित करने हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार, कंपनियों से समन्वय एवं औद्योगिक समूहों से एमओयू किए जाने का निर्णय लिया गया।


ऑडिटोरियम निर्माण में तेजी

रूसा परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का स्थल निरीक्षण कर शेष निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने हेतु शासन को प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए। इसमें फर्निशिंग, ऑडियो-विजुअल और एकास्टिक व्यवस्था शामिल हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *