Robotic surgery started in AIIMS Raipur,
एम्स रायपुर में ‘परिजन निवास’ निर्माण की घोषणा की

रायपुर। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में शनिवार को छत्तीसगढ़ की पहली रोबोटिक सर्जरी सुविधा का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ‘देव हस्त’ नामक इस अत्याधुनिक रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम का उद्घाटन किया और स्वयं ड्राई लैब में पहला डिसेक्शन कर इसकी तकनीकी शुरुआत की। इस नई सुविधा से छत्तीसगढ़ सहित आसपास के राज्यों के मरीजों को विश्वस्तरीय इलाज स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि यह ऐतिहासिक कदम प्रदेश में चिकित्सा सेवाओं को नई दिशा देगा। उन्होंने रोबोटिक सर्जरी को चिकित्सा क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव बताया और एम्स रायपुर में ‘परिजन निवास’ निर्माण की घोषणा की, जिससे दूर-दराज से आने वाले मरीजों के परिजनों को ठहरने की सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनसेवा उनके लिए सदैव प्राथमिकता रही है और पूर्व में भी उन्होंने प्रधानमंत्री राहत कोष से मरीजों की सहायता की थी।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने जानकारी दी कि जल्द ही रायपुर के मेकाहारा अस्पताल में भी रोबोटिक सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से इलाज की गुणवत्ता और सफलता दर दोनों में वृद्धि होगी।
इस अवसर पर ‘देव हस्त’ नामकरण प्रतियोगिता की विजेता ज्योत्स्ना किराडू को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में एम्स रायपुर के निदेशक डॉ. अशोक जिंदल, विभागाध्यक्ष डॉ. देवज्योति मोहंती सहित बड़ी संख्या में चिकित्सा छात्र व अधिकारी उपस्थित रहे।







