मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया

रायपुर। राष्ट्रीय स्वंय सेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक(पूर्व में छत्तीसगढ़ के प्रांत प्रचारक भी रहे)श्री शांताराम जी सर्राफ का देवलोक गमन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उम्रदराज होने के बाद भी संघ के प्रति सक्रियता को लेकर वे हमेशा आज की पीढ़ी में याद किये जाएंगे। वे काफी सहज व सरल स्वभाव के व्यक्ति थे। वे मध्यप्रदेश के सागर में जिला प्रचारक, रायपुर विभाग प्रचारक, छत्तीसगढ़ प्रांत प्रचारक, मध्य क्षेत्र के प्रचार प्रमुख और संपर्क प्रमुख के पदों पर रहे। इससे पहले उन्होंने बैंक में भी अपनी सेवाएं दी थीं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने 1989 में जब छत्तीसगढ़ प्रांत इकाई की स्थापना हुई उस समय शांताराम जी पहले प्रांत प्रचारक रहे। इससे पहले उन्होंने विभाग प्रचारक के रूप में भी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन किया। इस दौरान उन्होंने गांव-गांव तक संघ के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव ने वरिष्ठ प्रचारक शांताराम सराफ के देहावसान पर गहन शोक व्यक्त किया है। श्री देव ने कहा कि स्व. सराफ का सम्पूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, सिद्धांतों और भारतीय सांस्कृतिक जीवन मूल्यों के लिए समर्पित रहा। स्व. सराफ का जीवन समूचे संघ-परिवार के लिए अनुकरणीय है। उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए श्री देव ने कहा कि हमने अपना अभिभावक खो दिया है।

राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ, छत्तीसगढ़ के पूर्व प्रांत प्रचारक एवं वरिष्ठ स्वयंसेवक श्री शांताराम सर्राफ जी के देवलोक गमन के समाचार पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सर्राफ जी का संपूर्ण जीवन समाज और राष्ट्र के प्रति समर्पण, अनुशासन तथा प्रेरणा का अद्वितीय उदाहरण रहा है। सामाजिक कार्यों में उनके योगदान को सदैव स्मरण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिजनों व शुभचिंतकों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।