छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का 22वां स्थापना दिवस
रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने 12 फरवरी को अपना 22वां स्थापना दिवस मनाया। राज्य गठन के बाद 12 फरवरी 2004 को मंडल का पुनर्गठन हुआ था। अब तक मंडल द्वारा निर्मित लगभग एक लाख आवासों में से करीब 75 प्रतिशत कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के हितग्राहियों के लिए बनाए गए हैं।
स्थापना दिवस पर हाउसिंग बोर्ड अध्यक्ष अनुराग सिंह देव एवं आयुक्त अवनीश शरण (आईएएस) ने सभी शाखाओं के अधिकारियों व कर्मचारियों की समीक्षा बैठक ली। अध्यक्ष ने अधिकारियों को हितग्राहियों को किफायती व गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने, योजनाओं का समयबद्ध क्रियान्वयन करने और निरंतर बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिक्त संपत्तियों के विक्रय, मरम्मत व नए प्लान तैयार करने, अनुपयोगी भूखंडों का शीघ्र निराकरण और साइट पर टिन शेड ऑफिस बनाने के सुझाव दिए।
मंडल ने हाल ही में 2060 करोड़ रुपये की नई आवासीय योजनाओं की शुरुआत की है। वर्ष 2025 में 1023.70 करोड़ रुपये की संपत्तियों का विक्रय कर नया कीर्तिमान बनाया गया, जबकि इस वर्ष मात्र 40 दिनों में लगभग 200 करोड़ रुपये की संपत्तियों का विक्रय हो चुका है।
आयुक्त अवनीश शरण ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और समय पर प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। माननीय आवास एवं पर्यावरण मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी ने भी स्थापना दिवस पर टीम को बधाई दी।
समीक्षा बैठक में तकनीकी, विद्युत, लेखा, प्रशासन, संपदा, वास्तु, मार्केटिंग एवं आईटी शाखाओं के कार्यों की विस्तृत समीक्षा हुई। अपर आयुक्त, उप आयुक्त, मुख्य अधिकारी और समस्त अधिकारी-कर्मचारी बैठक में उपस्थित रहे।







