13 जिलों के निशानेबाज़ दिखा रहे सटीक निशाना
रायपुर। छत्तीसगढ़ रायफल एसोसिएशन और जिंदल स्टील समूह के संयुक्त तत्वावधान में रायपुर के चौथी बटालियन, माना कैंप परिसर में राज्य स्तरीय शूटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।
इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 13 जिलों से महिला, पुरुष और जूनियर वर्ग के निशानेबाज़ हिस्सा ले रहे हैं। इस प्रतियोगिता की शुरुआत 28 अगस्त को हुई, जिसके बाद 29 और 30 अगस्त को प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए।
भारत पिस्टल जैसे इवेंट्स हो रहे है
31 अगस्त से प्रतिस्पर्धात्मक मुकाबलों की शुरुआत हुई है। प्रतियोगिता में 10 मीटर एयर पिस्टल और एयर राइफल, साथ ही 50 मीटर ओपन साइट और पीपी साइट राइफल में थ्री पोज़िशन शूटिंग, तथा 25 मीटर सेंटर फायर पिस्टल, स्टैंडर्ड पिस्टल और भारत पिस्टल जैसे इवेंट्स हो रहे हैं। महिला, पुरुष और जूनियर वर्ग के लिए आयोजित इन मुकाबलों में भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ द्वारा निर्धारित स्कोरिंग मानकों को लागू किया गया है।

2002 से लगातार किया जा रहा है
यदि खिलाड़ी इन मानकों को पूरा करते हैं, तो उन्हें ईस्ट जोनल व पीवी मावलंकर प्रतियोगिताओं में खेलने का अवसर मिलता है। इस प्रतियोगिता का आयोजन वर्ष 2002 से लगातार किया जा रहा है, जो प्रदेश के निशानेबाजों को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का सशक्त मंच प्रदान करता है। इस पहल से न केवल खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ता है, बल्कि छत्तीसगढ़ में शूटिंग खेल को एक नई पहचान भी मिल रही है।







