रायपुर। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 23 जनवरी को होने वाले भारत–न्यूजीलैंड टी-20 मुकाबले को लेकर छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ (सीएससीएस) ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वनडे मैच के दौरान हुई अव्यवस्था से सबक लेते हुए इस बार दर्शकों की एंट्री व्यवस्था में बड़े बदलाव किए गए हैं। संघ का दावा है कि टी-20 मैच के दौरान किसी भी तरह की अफरा-तफरी नहीं होने दी जाएगी।
गेट खुलने-बंद होने का समय पहले से तय
इस बार स्टेडियम के आधा दर्जन से अधिक गेटों पर प्रवेश और निकासी का समय पहले से निर्धारित रहेगा। दर्शकों को अपने टिकट पर अंकित गेट से तय समय-सीमा के भीतर ही प्रवेश करना होगा। निर्धारित समय के बाद पहुंचने पर एंट्री नहीं दी जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी दर्शकों की होगी।
वनडे मैच के दौरान देर से पहुंचे दर्शकों के कारण गेट बंद करने पड़े थे, जिससे नाराजगी और तोड़फोड़ की स्थिति बनी थी।
हर गेट पर सीएससीएस के सदस्य रहेंगे तैनात
पिछले मैच में प्राइवेट सुरक्षा एजेंसी की लापरवाही भी सामने आई थी। आरोप था कि बिना टिकट वालों को प्रवेश दिया गया, जिससे वैध टिकटधारकों को परेशानी हुई। इस बार हर एंट्री गेट पर छत्तीसगढ़ क्रिकेट संघ के सदस्य तैनात रहेंगे, जो पूरी एंट्री प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
देर से पहुंचे तो नहीं मिलेगी एंट्री
सीएससीएस के डायरेक्टर विजय शाह ने स्पष्ट किया है कि टी-20 मैच में एंट्री नियमों में किसी भी तरह की ढील नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बार-बार गेट खोलने-बंद करने से अव्यवस्था और सुरक्षा जोखिम बढ़ता है, इसलिए तय समय के बाद किसी भी हाल में प्रवेश नहीं दिया जाएगा, भले ही टिकट वैध हो।
पुलिस प्रशासन की भी ली जा रही मदद
एंट्री व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए पुलिस प्रशासन की सहायता भी ली जा रही है। पिछली अव्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की जा रही है। पुलिस द्वारा भीड़ नियंत्रण, सुरक्षा और ट्रैफिक मैनेजमेंट को लेकर सुझाव दिए जा रहे हैं, जिनके आधार पर एंट्री-एग्जिट सिस्टम को अंतिम रूप दिया जाएगा।







