प्राकृतिक वातावरण के अनुरूप बहुउपयोगी पर्यटन एवं आवासीय परिसर का निर्माण शीघ्र
रायपुर। छत्तीसगढ़ के ‘शिमला’ के नाम से प्रसिद्ध मैनपाट में पर्यटन और आवासीय विकास को नई गति मिलने जा रही है। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल मैनपाट को सर्वसुविधायुक्त पर्यटन एवं आवासीय परिसर के रूप में विकसित करेगा। यहां केरल की तर्ज पर एक आधुनिक वेलनेस सेंटर विकसित किया जाएगा, जिसमें प्राकृतिक पंचकर्म चिकित्सा, हर्बल स्पा और आयुष आधारित सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
पर्यटकों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए 24×7 क्लब हाउस का निर्माण किया जाएगा। इसमें मिलेट्स कैफे, जिम, स्विमिंग पूल, किड्स प्ले एरिया, स्टीम बाथ और एंटरटेनमेंट ज़ोन जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता देते हुए ट्री हाउस और कॉटेज का भी निर्माण प्रस्तावित है।
गौरतलब है कि कलेक्टर सरगुजा (अंबिकापुर) द्वारा छत्तीसगढ़ शासन के आदेश क्रमांक 04/अ-19/2025-26 के तहत 4.80 हेक्टेयर (12 एकड़) भूमि अटल विहार योजना के लिए छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल को आबंटित की गई है।
स्थानीय स्तर पर बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने बताया कि इस भूमि पर प्राकृतिक वातावरण के अनुरूप बहुउपयोगी पर्यटन एवं आवासीय परिसर का निर्माण शीघ्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से मैनपाट क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ेंगे तथा आवासीय व आधारभूत संरचना का विकास होगा। इससे पर्यटकों का ठहराव बढ़ेगा और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को मजबूती मिलेगी।
मैनपाट को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर मिलेगी पहचान
मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि मैनपाट छत्तीसगढ़ का विशिष्ट पर्यटन स्थल है। यहां बढ़ती पर्यटक संख्या को देखते हुए आधुनिक आवास और वेलनेस सुविधाओं का विकास आवश्यक है। यह पहल मैनपाट को राष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर सशक्त रूप से स्थापित करेगी।
मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि मैनपाट में आधुनिक पर्यटन एवं आवासीय परिसर का निर्माण राज्य में पर्यटन विकास की दिशा में एक सराहनीय कदम है, जिससे पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को नई मजबूती मिलेगी।







