अपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरसमाचारस्वास्थ्य

आयुष्मान योजना बनी गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का सुरक्षा कवच, छत्तीसगढ़ में 2.49 करोड़ कार्ड बने

गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक मदद, मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना से 25 लाख रुपये तक सहायता | वरिष्ठ नागरिकों को भी 5 लाख रुपये का स्वास्थ्य कवर

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आयुष्मान भारत योजना गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत आधार बन रही है। महंगे इलाज के कारण आर्थिक संकट झेलने वाले परिवारों को अब सरकारी योजनाओं के माध्यम से राहत मिल रही है। राज्य में आयुष्मान भारत योजना को प्रदेश की स्वास्थ्य योजनाओं के साथ एकीकृत कर शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना के रूप में लागू किया गया है। इसके तहत पात्र परिवारों को सरकारी और पंजीकृत निजी अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा मिल रही है।

राज्य में कुल 2 करोड़ 71 लाख 11 हजार 762 आयुष्मान कार्ड बनाने के लक्ष्य के विरुद्ध अब तक 2 करोड़ 49 लाख 18 हजार 115 कार्ड बनाए जा चुके हैं। यह लक्ष्य का 91.9 प्रतिशत है। सूरजपुर जिले ने 21 लाख 93 हजार 647 कार्ड बनाकर 97 प्रतिशत उपलब्धि के साथ प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।

पात्र परिवारों को 5 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज

अंत्योदय, प्राथमिकता राशन कार्डधारी और केंद्रीय सूची में शामिल पात्र परिवारों को प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जाता है। वहीं अन्य पात्र सामान्य राशन कार्डधारी परिवारों को राज्य योजना के तहत 50 हजार रुपये तक की चिकित्सा सहायता उपलब्ध है। इससे गंभीर बीमारियों के इलाज में परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम हो रहा है।

गंभीर बीमारियों के लिए 25 लाख रुपये तक सहायता

मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत गंभीर और दुर्लभ बीमारियों के उपचार के लिए अधिकतम 25 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता का प्रावधान है। इसमें कैंसर, बोन मैरो ट्रांसप्लांट, किडनी एवं लिवर ट्रांसप्लांट, हृदय रोग, कोक्लियर इम्प्लांट और दुर्लभ आनुवंशिक बीमारियों के उपचार में मदद दी जाती है।

जनवरी 2024 से अब तक 3,281 हितग्राहियों के लिए 203.07 करोड़ रुपये की सहायता स्वीकृत की गई है। इसमें कैंसर उपचार के 2,476 मामलों में 115.48 करोड़ रुपये, बोन मैरो ट्रांसप्लांट के 205 मामलों में 27.06 करोड़ रुपये, डायलिसिस के 686 मामलों में 17.18 करोड़ रुपये तथा हृदय संबंधी उपचार के 371 मामलों में 17.08 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा किडनी ट्रांसप्लांट के 144 मामलों में 5.41 करोड़ और लिवर ट्रांसप्लांट के 31 मामलों में 5.57 करोड़ रुपये की सहायता दी गई है।

70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को भी स्वास्थ्य सुरक्षा

आयुष्मान वय वंदना कार्ड के माध्यम से 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिकों को, उनकी आय अथवा सामाजिक स्थिति की परवाह किए बिना, 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य कवर दिया जा रहा है। इसमें पहले से मौजूद बीमारियों का उपचार भी कार्ड बनने के पहले दिन से शामिल है।

राज्य में 8 लाख 71 हजार 717 कार्ड के लक्ष्य के विरुद्ध 6 लाख 23 हजार 220 वय वंदना कार्ड बनाए गए हैं। यह 71.5 प्रतिशत उपलब्धि है। बस्तर जिले ने 89.8 प्रतिशत उपलब्धि के साथ प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।

दूरस्थ वनांचलों तक पहुंच रही स्वास्थ्य सुविधाएं

नियद नेल्लानार 2.0 के तहत दूरस्थ वनांचल और पूर्व नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में 93 प्रतिशत राशन कार्डधारी हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं। बस्तर और सरगुजा जैसे दूरस्थ क्षेत्रों के नागरिक भी अब रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग सहित अन्य शहरों के पंजीकृत अस्पतालों में कैंसर, हृदय रोग, किडनी, न्यूरोसर्जरी और अन्य गंभीर बीमारियों का उपचार करा पा रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के माध्यम से प्राथमिक उपचार, मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाएं और मधुमेह एवं उच्च रक्तचाप की जांच जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।

घर बैठे भी बनवा सकते हैं आयुष्मान कार्ड

आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया सरल और डिजिटल है। नागरिक अपने स्मार्टफोन में आयुष्मान ऐप डाउनलोड कर अथवा आधिकारिक पोर्टल beneficiary.nha.gov.in पर आधार और राशन कार्ड के माध्यम से ई-केवाईसी कर कार्ड बना एवं डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा नजदीकी चॉइस सेंटर, लोक सेवा केंद्र और पंजीकृत अस्पतालों में आयुष्मान मित्र की सहायता से कार्ड बनवाया जा सकता है। सहायता एवं शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 104 और राष्ट्रीय टोल फ्री नंबर 14555 पर संपर्क किया जा सकता है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *