कोरबा के तीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आवासीय भवन निर्माण समय पर पूरा नहीं करने पर कार्रवाई, गुणवत्ता और जवाबदेही से समझौता नहीं : अनुराग सिंह देव
रायपुर। शासकीय निर्माण कार्यों में लापरवाही और निर्धारित समय-सीमा का पालन नहीं करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल (हाउसिंग बोर्ड) ने सख्त कार्रवाई की है। मंडल ने निर्माण कार्यों में उदासीनता बरतने पर दो ठेकेदार एजेंसियों मेसर्स विनायक इंफ्रास्ट्रक्चर और मेसर्स सार्थक ट्रेडर्स को ब्लैकलिस्ट कर दिया है।
यह कार्रवाई कोरबा जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रंजना (कटघोरा), उतरदा (पाली) और पसान (पोड़ी उपरोड़ा) में आवासीय भवन निर्माण कार्य निर्धारित समय में पूरा नहीं करने पर की गई है। अनुबंध के तहत संबंधित निर्माण कार्यों को नौ माह में पूरा किया जाना था, लेकिन एजेंसियों की धीमी प्रगति और लापरवाही के चलते कार्य प्रभावित हुए।
मंडल ने पहले संबंधित ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। निर्धारित समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने और निर्माण कार्यों के प्रति उदासीनता को गंभीरता से लेते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई।
मेसर्स विनायक इंफ्रास्ट्रक्चर, ब-वर्ग ठेकेदार (CGeR12820) तथा मेसर्स सार्थक ट्रेडर्स, द-वर्ग ठेकेदार (CGeR20160) को काली सूची में दर्ज करने का आदेश जारी किया गया है।
जनहित के कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि शासकीय निर्माण कार्य आम नागरिकों की सुविधाओं और जनहित से सीधे जुड़े होते हैं। इनमें लापरवाही, अनावश्यक विलंब या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार्य नहीं है। प्रत्येक निर्माण एजेंसी को अनुबंध की शर्तों का पालन करते हुए निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करना अनिवार्य है। जनहित के कार्यों में लापरवाही करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
मंडल आयुक्त अवनीश कुमार शरण ने कहा कि निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी और समयबद्ध क्रियान्वयन मंडल की प्राथमिकता है। ठेकेदारों को समय-सीमा, निर्माण गुणवत्ता और अनुबंध की शर्तों का पालन करना होगा। लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्यों की सतत निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
मंडल ने स्पष्ट किया है कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता है। अनुबंध उल्लंघन और अनावश्यक विलंब पर आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी।







