politicalअपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरराजनीतिसमाचार

बरखा साहू बनीं रायपुर जिला ग्रामीण महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष, छत्तीसगढ़ में 17 जिलाध्यक्षों की पहली सूची जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस संगठन में महिला नेतृत्व को मजबूत करने की दिशा में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस ने 17 जिला अध्यक्षों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में रायपुर जिला ग्रामीण महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष के रूप में बरखा साहू को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं, नियुक्तियों में सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरणों के साथ ओबीसी वर्ग को विशेष प्राथमिकता दी गई है।

राष्ट्रीय महिला कांग्रेस अध्यक्ष अलका लांबा की स्वीकृति से जारी नियुक्ति आदेश छत्तीसगढ़ प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष संगीता सिन्हा को भेजा गया है। नई नियुक्तियों को प्रदेश में महिला कांग्रेस के संगठनात्मक विस्तार और आगामी राजनीतिक चुनौतियों के मद्देनजर महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बरखा साहू को ग्रामीण क्षेत्र की जिम्मेदारी

बरखा साहू

राजधानी रायपुर में संगठनात्मक संतुलन के तहत शहर और ग्रामीण इकाइयों के लिए अलग-अलग जिलाध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। रायपुर शहर की जिम्मेदारी सामान्य वर्ग से आने वाली प्रगति बाजपेयी को दी गई है, जबकि रायपुर ग्रामीण की कमान बरखा साहू को सौंपी गई है।

बरखा साहू की नियुक्ति को ग्रामीण क्षेत्रों में महिला कांग्रेस की संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने और साहू समाज सहित पिछड़ा वर्ग के बीच पार्टी की पहुंच मजबूत करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है।

बिलासपुर और रायपुर में शहर-ग्रामीण का अलग फॉर्मूला

पार्टी ने संगठनात्मक दृष्टि से महत्वपूर्ण बिलासपुर और रायपुर में शहर तथा ग्रामीण इकाइयों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी है। बिलासपुर शहर की जिलाध्यक्ष प्रीति पाटनवार और ग्रामीण की जिलाध्यक्ष सीमा पांडे बनाई गई हैं।

इसी तरह रायपुर शहर में प्रगति बाजपेयी और ग्रामीण में बरखा साहू को जिम्मेदारी दी गई है। इन नियुक्तियों के जरिए पार्टी ने सामाजिक प्रतिनिधित्व के साथ क्षेत्रीय संतुलन बनाने की कोशिश की है।

ओबीसी वर्ग को सबसे अधिक प्रतिनिधित्व

महिला कांग्रेस की जारी 17 जिलाध्यक्षों की सूची में ओबीसी वर्ग की हिस्सेदारी सबसे अधिक बताई जा रही है। जातिगत और सामाजिक समीकरणों के आधार पर लगभग 47 प्रतिशत पद ओबीसी वर्ग को मिले हैं। वहीं सामान्य एवं वैश्य वर्ग को करीब 41 प्रतिशत और आदिवासी वर्ग को लगभग 12 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया गया है।

ओबीसी वर्ग से बरखा साहू (रायपुर ग्रामीण), प्रेमलता साहू (दुर्ग शहर), अन्नपूर्णा चंद्राकर (कबीरधाम), योगिता चंद्राकर (दुर्ग ग्रामीण), उर्मिला यादव (मुंगेली), ललिता यदु (बलौदाबाजार-भाटापारा), प्रीति पाटनवार (बिलासपुर शहर) और लिली राजवाड़े (सूरजपुर शहर) को जिम्मेदारी मिली है।

आदिवासी और सामान्य वर्ग को भी प्रतिनिधित्व

आदिवासी बहुल सरगुजा जिले में अनिमा केरकेट्टा को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं गरियाबंद में मंजू ध्रुव को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सामान्य एवं वैश्य वर्ग से प्रगति बाजपेयी (रायपुर शहर), सीमा पांडे (बिलासपुर ग्रामीण), आरती महोबिया (खैरागढ़-छुईखदान-गंडई), संगीता गुप्ता (रायगढ़), बबीता गुप्ता (सूरजपुर ग्रामीण), रुमा चटर्जी (मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर शहर) और शशि सिन्हा (रिसाली) को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

संगठन विस्तार और सामाजिक समीकरणों पर नजर

महिला कांग्रेस की इन नियुक्तियों को केवल संगठनात्मक फेरबदल के रूप में नहीं देखा जा रहा है। प्रदेश में अलग-अलग सामाजिक वर्गों, क्षेत्रीय प्रभाव और पार्टी के भीतर संगठनात्मक संतुलन को ध्यान में रखकर जिम्मेदारियां बांटने की कोशिश की गई है।

खास तौर पर ओबीसी वर्ग को लगभग 47 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देना पार्टी की सोशल इंजीनियरिंग रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। अब इन नवनियुक्त जिलाध्यक्षों के सामने महिला कांग्रेस को बूथ स्तर तक सक्रिय करने, महिला कार्यकर्ताओं को जोड़ने और संगठन को मजबूत बनाने की चुनौती होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *