अपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरसमाचारसमाज

युवा भारत’ थीम पर 8 से 10 जनवरी तक होगा रायपुर साहित्य उत्सव, मुख्यमंत्री साय ने किया प्रतीक चिह्न का अनावरण

जनजातीय भाषाओं, लोक साहित्य और छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय पहचान दिलाने पर जोर, युवा रचनाकारों को मिलेगा सशक्त मंच

रायपुर। छत्तीसगढ़ की समृद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक और लोक परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से राजधानी रायपुर में 8 से 10 जनवरी 2027 तक रायपुर साहित्य उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास में प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकारों की उपस्थिति में साहित्य उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की। इस वर्ष साहित्य उत्सव की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ साहित्य, कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की दृष्टि से समृद्ध प्रदेश है। यहां की भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं, गीत-संगीत और साहित्य में जनजीवन, सामाजिक मूल्यों तथा सांस्कृतिक चेतना की गहरी अभिव्यक्ति होती है। रायपुर साहित्य उत्सव प्रदेश की इस विरासत को देश-दुनिया तक पहुंचाने के साथ साहित्यिक संवाद और नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।

उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में आयोजित रायपुर साहित्य उत्सव को साहित्यकारों, आयोजन समिति और सहयोगियों के सामूहिक प्रयासों से व्यापक सफलता मिली थी। इस बार आयोजन को और अधिक भव्य, व्यापक एवं गरिमामय स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि रायपुर साहित्य उत्सव देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर सके।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार पंकज झा, सलाहकार आर. कृष्णा दास, छत्तीसगढ़ साहित्य अकादमी के अध्यक्ष शशांक शर्मा, प्रेस अधिकारी आलोक सिंह, जनसंपर्क विभाग के सचिव डॉ. रोहित यादव, मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रजत बंसल सहित प्रदेशभर के वरिष्ठ साहित्यकार, कवि, लेखक एवं साहित्य जगत से जुड़े गणमान्यजन उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *