मुख्यमंत्री साय ने 2 करोड़ की लागत से स्थापित प्रदेश के पहले पंचायत आधारित 280 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र का किया लोकार्पण
कुंजारा में 20 लाख की सीसी सड़क और दो सामुदायिक भवनों के निर्माण की घोषणा
रायपुर। गांव की बिजली से गांव का विकास और अपनी आय से पंचायत की आत्मनिर्भरता का नया मॉडल जशपुर जिले के ग्राम कुंजारा में साकार हुआ है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कुनकुरी विकासखंड के ग्राम कुंजारा में 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित प्रदेश के पहले पंचायत आधारित 280 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण किया। इस संयंत्र से ग्राम पंचायत को हर साल लगभग 18.75 लाख रुपये की आय होगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को यह परियोजना गांवों में साकार करने का उदाहरण है। कुंजारा की यह पहल प्रदेश की अन्य ग्राम पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि गांवों की वास्तविक आत्मनिर्भरता तभी संभव है, जब पंचायतों के पास विकास कार्यों के लिए आय के स्थायी स्रोत हों।

इस संयंत्र से प्रतिवर्ष लगभग 4 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन होगा। उत्पादित बिजली सीधे ग्रिड में जाएगी और वर्चुअल नेट मीटरिंग के माध्यम से जिले के शासकीय कार्यालयों की बिजली खपत में समायोजित होगी। इसके एवज में ग्राम पंचायत को 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से लाभांश मिलेगा। इस राशि का उपयोग ग्राम सभा के प्रस्ताव के अनुसार स्थानीय विकास और जनसुविधाओं पर किया जा सकेगा।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों की मांग पर कुंजारा में 20 लाख रुपये की सीसी सड़क तथा श्री टोली और शिव मंदिर के समीप दो सामुदायिक भवनों के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील भी की।







