फैक्ट्री में मची अफरा-तफरी, पुलिस, अग्निशमन दल और एसडीआरएफ ने संभाला मोर्चा, धमाके के कारणों की जांच शुरू
रायपुर। उरला थाना क्षेत्र के बेन्द्री स्थित थ्रीडी फैक्ट्री में मंगलवार शाम हुए भीषण विस्फोट में तीन मजदूरों की मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी, जिससे पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत फैल गई। हादसे के बाद फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई और कर्मचारी जान बचाकर बाहर की ओर भागे। सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन दल और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
फैक्ट्री के भीतर अचानक हुआ तेज धमाका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फैक्ट्री के भीतर अचानक तेज धमाका हुआ, जिससे पूरे परिसर में अफरातफरी मच गई। धमाके के बाद कई मजदूर बाहर निकल आए, जबकि कुछ के मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया है और लापता मजदूरों की तलाश जारी है।
फैक्ट्री परिसर में घना धुआं और मलबा फैल गया

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विस्फोट के बाद फैक्ट्री परिसर में घना धुआं और मलबा फैल गया, जिससे बचाव अभियान में शुरुआती दिक्कतें आईं। पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर फैक्ट्री के आसपास का क्षेत्र खाली कराया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में घायल कमल सिंह ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया, जबकि लाल सिंह और अरुण पांडे की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक कमल सिंह और लाल सिंह मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले तथा अरुण पांडे जांजगीर-चांपा जिले के निवासी थे।

डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मलबे में फंसे लोगों की तलाश कराई। पुलिस ने फैक्ट्री परिसर को सील कर विस्फोट के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा।
वर्जन: एसीपी पूर्णिमा लांबा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन दल और अन्य राहत एजेंसियां मौके पर पहुंच गई थीं। घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत जांच की जा रही है।








