अपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरराजनीतिसमाचारसमाज

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में 9 जुलाई को मनाया जाएगा ‘दीदी के गोठ’ का वार्षिकोत्सव

उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत-ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा इसकी अध्यक्षता करेंगे

रायपुर। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) द्वारा संचालित ‘दीदी के गोठ’ कार्यक्रम की एक वर्ष की सफल यात्रा पूर्ण होने पर 9 जुलाई 2026 को रायपुर स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में ‘दीदी के गोठ वार्षिकोत्सव–2026’ सह संकुल स्तरीय संगठन सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे, जबकि उपमुख्यमंत्री एवं पंचायत-ग्रामीण विकास मंत्री विजय शर्मा इसकी अध्यक्षता करेंगे।

वार्षिकोत्सव का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं की प्रेरक कहानियों, संघर्ष, नेतृत्व क्षमता और आजीविका में हासिल उपलब्धियों को मंच प्रदान कर उन्हें सम्मानित करना है। कार्यक्रम में विभिन्न जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं तथा समाज के विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधि शामिल होंगे।

अगस्त 2025 में शुरू हुए ‘दीदी के गोठ’ के पहले एपिसोड का विषय ‘लखपति दीदी’ था। इसके बाद प्रत्येक माह के दूसरे गुरुवार को ड्रोन दीदी, एफपीसी, वित्तीय साक्षरता, साइबर सुरक्षा, जेंडर, सरस मेला और ‘छत्तीसकला’ ब्रांड जैसे विषयों पर महिला समूहों की सफलता की प्रेरक कहानियां प्रसारित की गईं। कार्यक्रम ने महिला स्व-सहायता समूहों को सशक्त बनाने, वित्तीय जागरूकता बढ़ाने और ग्रामीण महिलाओं को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

वार्षिकोत्सव में वर्षभर की उपलब्धियों का प्रस्तुतिकरण, प्रतिभागी महिलाओं का सम्मान तथा भविष्य की कार्ययोजना पर चर्चा होगी। मिशन बिहान ने नागरिकों, स्व-सहायता समूहों और मीडिया से कार्यक्रम में शामिल होकर इसे सफल बनाने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *