ब्लॉग

रायपुर जिले में उत्साह के साथ शुरू हुई धान खरीदी, पहले दिन 366 किसानों ने बेचा 9,365 क्विंटल धान

रायपुर जिले में उत्साह के साथ शुरू हुई धान खरीदी, पहले दिन 366 किसानों ने बेचा 9,365 क्विंटल धान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा के अनुरूप छत्तीसगढ़ में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का सिलसिला शुरू हो गया है। इसी कड़ी में रायपुर जिले के धान उपार्जन केंद्रों में रविवार को उत्साह के साथ खरीदी की शुरुआत हुई। पहले दिन जिले के 129 उपार्जन केंद्रों में 366 किसानों ने अपनी उपज बेची। इस दौरान कुल 9,365.60 क्विंटल धान की खरीदी हुई, जिसका मूल्य 2 करोड़ 29 लाख 51 हजार रुपये रहा।

जिले में इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए 21 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 17 केंद्रों में पहले ही दिन खरीदी शुरू हो गई। नए केंद्र खुलने से किसानों को अब अपनी उपज बेचने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे समय और परिवहन खर्च दोनों की बचत होगी।

राज्य सरकार किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीद रही है। प्रशासन ने खरीदी केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

उमरपोटी में विधायक ने किया शुभारंभ

अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू ने गोबरा नवापारा तहसील के नवीन धान उपार्जन केंद्र उमरपोटी में पूजा-अर्चना कर खरीदी का शुभारंभ किया। नए केंद्र की शुरुआत से क्षेत्र के किसानों को नजदीक में ही धान बेचने की सुविधा मिलेगी।

कलेक्टर ने केंद्रों का किया निरीक्षण

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जोरा धान उपार्जन केंद्र पहुंचकर पूजा-अर्चना के साथ खरीदी की शुरुआत की। उन्होंने किसानों के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीदी के दौरान किसी भी किसान को परेशानी नहीं होनी चाहिए। केंद्रों में पेयजल, छाया, बैठने, तौल और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

आरंग विकासखंड के मुंरेठी और नगपुरा उपार्जन केंद्रों में भी कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के उपाध्यक्ष अभिनेष कश्यप और नगर पंचायत चंदखुरी के अध्यक्ष प्रतीक बैस ने पूजा-अर्चना कर खरीदी का शुभारंभ किया।

इस दौरान कलेक्टर ने नमी मापक यंत्र से धान की नमी जांची और स्वयं तौल प्रक्रिया का भी जायजा लिया। वहीं धरसींवा तहसील के बरौदा उपार्जन केंद्र में जिला पंचायत सदस्य सविता चंद्राकर, जनपद सदस्य भगत बंजारे, सरपंच भागवत साहू और समिति अध्यक्ष उमराव साहू की उपस्थिति में खरीदी शुरू हुई।

इस अवसर पर अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एडीएम उमाशंकर बंदे, एसडीएम आरंग रवि सिंह, एसडीएम रायपुर नभसिंह कोशले, डीसीसीबी के भूपेश चंद्रवंशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और किसान उपस्थित रहे।

धान खरीदी : रायपुर जिले का पहला दिन

366

किसानों ने बेचा धान

9,365.60

क्विंटल धान की खरीदी

129

केंद्रों में खरीदी शुरू

₹2.29 करोड़

खरीदे गए धान का मूल्य

  • जिले में कुल उपार्जन केंद्र : 159
  • नए उपार्जन केंद्र : 21
  • नए केंद्रों में खरीदी शुरू : 17
  • समर्थन मूल्य : ₹3,100 प्रति क्विंटल
  • खरीदी सीमा : अधिकतम 21 क्विंटल प्रति एकड़

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *