अपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरप्रादेशिक-जिलासमाचार

बस्तर में ‘बिहान’ से किसानों को गांव में ही मिला मक्के का बेहतर बाजार, 3850 क्विंटल की खरीदी

मंडी से अधिक कीमत मिलने से किसानों को सीधा फायदा, परिवहन खर्च और बिचौलियों से मिली मुक्ति

रायपुर । बस्तर जिले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) की पहल किसानों के लिए आर्थिक लाभ का नया रास्ता खोल रही है। अब बकावंड और दरभा विकासखंड के किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए मंडियों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं। गांव में ही मंडी से अधिक कीमत मिलने के साथ उनकी उपज की सीधी खरीदी हो रही है। इस व्यवस्था के तहत किसानों से अब तक 3850 क्विंटल मक्के की खरीदी की जा चुकी है।

बिहान के अंतर्गत गठित किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) ने इस पहल को जमीन पर उतारा है। इनमें बकावंड की ‘लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड’ और दरभा की ‘मांजूर पांखी प्रोड्यूसर कंपनी’ शामिल हैं। इन दोनों कंपनियों ने अपने उत्पादक समूहों से जुड़े किसानों से सीधे मक्का खरीदा और बाद में स्थानीय व्यापारी ‘सोमानी चंदन ट्रेडर्स प्राइवेट लिमिटेड’ को इसका विक्रय किया। इससे किसानों और खरीदारों के बीच सीधा बाजार संपर्क स्थापित हुआ।

परिवहन खर्च बचा, उपज का मिला बेहतर दामइस व्यवस्था का सबसे बड़ा लाभ यह है कि किसानों को अपनी उपज लेकर शहर या मंडी तक नहीं जाना पड़ रहा है। इससे परिवहन भाड़े और अन्य खर्चों में बचत हो रही है। साथ ही मंडियों में इंतजार और बिक्री संबंधी औपचारिकताओं से भी राहत मिली है। बिचौलियों की भूमिका कम होने से किसानों को अपनी मेहनत का बेहतर मूल्य सीधे गांव में ही मिल रहा है।

अब खाद-बीज भी उपलब्ध कराने की तैयारीमक्का खरीदी में मिली सफलता के बाद एफपीओ अब किसानों को खेती के लिए जरूरी संसाधन भी उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रहे हैं। इसके तहत खाद, बीज और कीटनाशक दवाइयों की सुविधा गांव में ही देने की तैयारी है। इसके लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से कृषि क्षेत्र की प्रमुख संस्था इफको से पीओएस मशीन उपलब्ध कराने की मांग की गई है। मशीन मिलने के बाद एफपीसी के माध्यम से किसानों को उचित दर पर समय से कृषि सामग्री उपलब्ध कराई जा सकेगी।

किसानों को आत्मनिर्भर बनाना लक्ष्यएफपीसी के पदाधिकारियों के अनुसार, लक्ष्य दीप महिला कृषक प्रोड्यूसर कंपनी का उद्देश्य क्षेत्र के किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इस पहल से किसानों को अपनी उपज के लिए बेहतर बाजार मिलने के साथ खेती में उपयोग होने वाली आवश्यक सामग्री भी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

इस पूरी पहल में बिहान के विकासखंड स्तरीय कर्मचारियों, एफपीसी के निदेशक मंडल, पीजी सदस्यों और बड़ी संख्या में स्थानीय किसानों की सक्रिय भागीदारी रही। गांव में ही खरीदी और बेहतर बाजार की यह व्यवस्था बस्तर के किसानों की आय बढ़ाने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बन रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *