Featuredअपडेटएजुकेशनजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरनवाचारसमाचार

भाप से डीजल और अब इलेक्ट्रिक युग तक: रायपुर लोको शेड ने तय किया तीन दशक का ऐतिहासिक सफर

10 इंजनों से शुरू हुआ सफर, आज 284 से अधिक इंजनों का रखरखाव; ₹175 करोड़ की परियोजना से 250 अतिरिक्त इलेक्ट्रिक इंजनों की होमिंग सुविधा विकसित होगी

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की औद्योगिक विकास में अहम भूमिका, छत्तीसगढ़ की माल ढुलाई को मिलेगी नई मजबूती

रायपुर। छत्तीसगढ़ की औद्योगिक प्रगति और माल परिवहन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाला दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का रायपुर डीजल लोको शेड अब इलेक्ट्रिक युग की ओर तेजी से बढ़ रहा है। मई 1995 में महज 10 इंजनों के साथ शुरू हुआ यह शेड आज 284 से अधिक इंजनों का रखरखाव कर रहा है। जुलाई 2026 में रेल मंत्रालय ने यहां 250 अतिरिक्त थ्री-फेज इलेक्ट्रिक इंजनों की होमिंग सुविधा विकसित करने के लिए 175 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी दी है।

छोटी लाइन से शुरू हुई रेल इंजनों की विरासत

धमतरी की ओर बढ़ती छोटी लाइन की भाप ट्रेन

रायपुर में रेल इंजनों के रखरखाव का इतिहास करीब एक सदी पुराना है। वर्ष 1900 में रायपुर-कुरूद और कुरूद-धमतरी के बीच छोटी रेल लाइन पर भाप इंजन से ट्रेन संचालन शुरू हुआ था। उस दौर में मैनिंग वार्डले सहित विभिन्न कंपनियों के भाप इंजनों का उपयोग किया जाता था। बाद में माल यातायात बढ़ने के साथ इंजनों की क्षमता और तकनीक में भी बदलाव आया। वर्ष 1987 से इस सेक्शन में डीजल इंजनों का संचालन शुरू हुआ।

नैस्मिथ विल्सन का बना बीएनआर- आरडी 690 इंजन (1929), गार्डन रीच, कोलकाता में संरक्षित।

10 इंजनों से 284 से अधिक तक का सफर

रायपुर डीजल लोको शेड की स्थापना फरवरी 1993 में हुई और मई 1995 में 10 ब्रॉडगेज इंजनों के साथ संचालन शुरू हुआ। वर्ष 2008 में इसकी क्षमता 100 इंजन की गई। मई 2018 में शेड ने 200 इंजनों के रखरखाव का आंकड़ा पार किया। अक्टूबर 2020 में यहां पहले इलेक्ट्रिक इंजन का रखरखाव शेड्यूल पूरा किया गया। आज यह शेड 284 से अधिक इंजनों के रखरखाव की जिम्मेदारी निभा रहा है।

इस सेक्शन के भाप इंजनों पर लगी नैस्मिथ विल्सन & को., मैनचेस्टर की निर्माता प्लेट (क्र. 1566, 1929

इलेक्ट्रिक इंजनों के लिए 175 करोड़ की परियोजना

भारतीय रेल के विद्युतीकरण और बढ़ते इलेक्ट्रिक इंजन बेड़े को देखते हुए रायपुर शेड का विस्तार किया जा रहा है। नई परियोजना के तहत 250 अतिरिक्त थ्री-फेज इलेक्ट्रिक इंजनों की होमिंग सुविधा विकसित होगी। इससे नियमित रखरखाव, सुरक्षा निरीक्षण और मरम्मत की क्षमता बढ़ेगी तथा इंजनों की उपलब्धता बेहतर होगी।

इसके अलावा 20 अक्टूबर 2026 को डीएलएस रायपुर में 133 करोड़ रुपये की इलेक्ट्रिक लोको मेंटेनेंस सुविधा का शिलान्यास किया गया। इसके पूरा होने पर 300 हाई हॉर्सपावर इलेक्ट्रिक इंजनों का रखरखाव संभव हो सकेगा।

माल ढुलाई में रेलवे की महत्वपूर्ण भूमिका

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने वर्ष 2025-26 में 261 मिलियन टन माल लदान किया और 30,410 करोड़ रुपये का माल राजस्व अर्जित किया। कोयला, इस्पात और सीमेंट जैसे औद्योगिक क्षेत्रों की जरूरतों को पूरा करने में रायपुर लोको शेड की भूमिका महत्वपूर्ण है। यहां भिलाई की तर्ज पर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस भी स्थापित किया जा रहा है।

नैरो गेज स्टीम लोको शेड, रायपुर के कर्मचारी एवं पर्यवेक्षक, लगभग 1960

भाप इंजन से डीजल और अब इलेक्ट्रिक तकनीक तक रायपुर लोको शेड का सफर रेलवे के तकनीकी बदलाव और विकास की कहानी बयां करता है। नई परियोजनाओं से न केवल शेड की रखरखाव क्षमता बढ़ेगी, बल्कि छत्तीसगढ़ की औद्योगिक माल ढुलाई को भी अधिक सुरक्षित, सुगम और भरोसेमंद आधार मिलेगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *