Featuredअपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरनवाचारसमाचारसमाज

महादेवघाट का ऐतिहासिक पुन्नी मेला, खारून तट पर श्रद्धालुओं की भीड़

कार्तिक पूर्णिमा पर पुण्य स्नान और दीपदान, भगवान हटकेश्वर महादेव के दर्शन के लिए जुटें श्रद्धालु

रायपुर। महादेव घाट में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर ऐतिहासिक पुन्नी मेले का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। खारून नदी के पावन तट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने नदी में पुण्य स्नान कर भगवान हटकेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना की और दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

महादेवघाट का पुन्नी मेला छत्तीसगढ़ की धार्मिक आस्था, लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। प्राचीन हटकेश्वर महादेव मंदिर से जुड़ी इस मेले की परंपरा कलचुरी शासनकाल से मानी जाती है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार मंदिर का निर्माण कलचुरी राजा ब्रह्मदेव के शासनकाल में हुआ था। कार्तिक पूर्णिमा पर खारून नदी में स्नान और भगवान शिव की आराधना की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है।

मेले में धार्मिक आयोजनों के साथ छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति की भी झलक देखने को मिली। पारंपरिक खानपान, खिलौनों, पूजा सामग्री, श्रृंगार और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानों पर लोगों की चहल-पहल रही। बच्चों ने झूलों और मनोरंजन के साधनों का आनंद लिया। ग्रामीण और शहरी परिवारों के लिए यह आयोजन धार्मिक दर्शन के साथ मेल-मिलाप और सामूहिक उल्लास का अवसर बना।

महादेव घाट धार्मिक पर्यटन की दृष्टि से भी विशेष महत्व रखता है। यहां स्थित प्राचीन हटकेश्वर महादेव मंदिर, खारून नदी का प्राकृतिक परिवेश, लक्ष्मण झूला, उद्यान और भगवान शिव की विशाल प्रतिमा लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे।

पुन्नी मेले ने स्थानीय व्यापार और रोजगार को भी प्रोत्साहन दिया। छोटे दुकानदारों, ग्रामीण विक्रेताओं और स्थानीय व्यवसायियों को अपनी वस्तुओं की बिक्री का अवसर मिला। आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं का यह उत्सव एक बार फिर छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत की जीवंत तस्वीर प्रस्तुत कर गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *