प्रभारी सचिव ने पांच खरीदी केंद्रों का किया निरीक्षण, बारिश से प्रभावित किसानों को राहत देने के निर्देश
रायपुर। अपर मुख्य सचिव एवं बिलासपुर जिले के प्रभारी सचिव मनोज कुमार पिंगुआ ने बिरकोना, सेंदरी, सेमरताल, रानीगांव और सैदा धान खरीदी केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को धान खरीदी में पूरी पारदर्शिता बरतने और किसानों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी मिलने पर संबंधितों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान श्री पिंगुआ ने इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन की जांच कराई और केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने निगरानी समिति के सदस्यों के नाम और मोबाइल नंबर प्रदर्शित करने तथा नोडल अधिकारियों को प्रतिदिन केंद्रों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए।







