धनोरा में भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती कलार महोत्सव में शामिल हुए मुख्यमंत्री, गिनाईं सरकार की उपलब्धियां
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि भगवान सहस्रबाहु अर्जुन के आदर्श न्याय, धर्मरक्षा और लोककल्याण की प्रेरणा देते हैं। समाज के हर वर्ग की उन्नति से ही समृद्ध और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण संभव है। वे आज कोण्डागांव जिले के ग्राम धनोरा में आयोजित राजराजेश्वर भगवान सहस्रबाहु अर्जुन जयंती कलार महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने भगवान सहस्रबाहु अर्जुन की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कलार समाज के गौरवशाली इतिहास और सामाजिक एकता की सराहना करते हुए कहा कि कलचुरी वंश ने सातवीं से सत्रहवीं शताब्दी तक देश के विभिन्न क्षेत्रों में लगभग एक हजार वर्षों तक शासन किया। आज समाज शिक्षा, कृषि, व्यापार और व्यवसाय सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। पहली कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए। प्रदेश में किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की जा रही है। इस वर्ष 360 नए खरीदी केंद्र भी शुरू किए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना से 68 लाख महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। तेंदूपत्ता पारिश्रमिक बढ़ाकर 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा किया गया है तथा 5.5 लाख से अधिक भूमिहीन कृषि मजदूरों को सालाना 10 हजार रुपये दिए जा रहे हैं।
उन्होंने बस्तर में शांति और विकास के प्रयासों का उल्लेख करते हुए स्वस्थ बस्तर योजना, सेवा डेरा, जनकल्याणकारी योजनाओं और सिंचाई परियोजनाओं की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने समाजजनों से शिक्षा, एकता और आत्मनिर्भरता के माध्यम से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित जनप्रतिनिधि और समाज के लोग उपस्थित रहे।







