महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध, सामूहिक प्रयासों पर दिया जोर
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि मानव तस्करी और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को समाप्त करने के लिए सरकार, पुलिस, न्यायपालिका, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों को मिलकर जनआंदोलन खड़ा करना होगा। महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा, सम्मान तथा अधिकारों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री श्री साय पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में मानव तस्करी एवं घरेलू हिंसा विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय प्रशिक्षण-सह-कार्यशाला के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि मानव तस्करी के मामलों में कई बार परिचित लोग ही नौकरी और बेहतर भविष्य का प्रलोभन देकर बेटियों को जाल में फंसाते हैं। इससे बचाव के लिए परिवार और समाज में जागरूकता एवं सतर्कता जरूरी है।
उन्होंने अपने गृह जिले जशपुर का उल्लेख करते हुए बताया कि सरकार, पुलिस और सामाजिक संगठनों के समन्वित प्रयासों से वहां मानव तस्करी की समस्या में कमी आई है। प्रदेश में महिलाओं की सहायता के लिए 42 सखी वन स्टॉप सेंटर संचालित हैं। महिला हेल्पलाइन 181, डायल 112 और पुलिस के अभिव्यक्ति ऐप के माध्यम से भी त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना से 68 लाख से अधिक महिलाएं लाभान्वित हो रही हैं। वहीं प्रदेश में लगभग 14 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना भी उनकी सुरक्षा और सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण आधार है।
इस अवसर पर राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू, सदस्य ओजस्वी मंडावी एवं दीपिका सोरी, विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सच्चिदानंद शुक्ला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।







