Featuredअपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरनवाचारयुवा कारोबारीव्यापारव्यापारी एसोसिएशनव्यापारी और ग्राहक की बातसमाचार

7-8 एकड़ में गेंदा फूल की खेती से विद्याधर पटेल कमा रहे लाखों रुपये, छत्तीसगढ़ से ओडिशा तक फूलों की सप्लाई

रोजाना 12 से 15 गाड़ियों से होती है फूलों की सप्लाई, 15 से 20 ग्रामीणों को मिला नियमित रोजगार; एक एकड़ से 5 लाख रुपये तक की बिक्री

रायगढ़। खेती में नवाचार और बाजार की मांग को समझकर मेहनत की जाए तो खेती भी लाखों की कमाई का मजबूत जरिया बन सकती है। इसका उदाहरण रायगढ़ जिले के लैलूंगा विकासखंड के ग्राम कोड़केल निवासी किसान विद्याधर पटेल हैं। वे पिछले करीब 18 वर्षों से गेंदा फूल की खेती कर रहे हैं। आज 7 से 8 एकड़ में गेंदा फूल का उत्पादन कर उन्होंने अपनी अलग पहचान बनाई है। उनके खेतों से निकलने वाले फूल छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों के साथ ओडिशा के कई शहरों तक पहुंच रहे हैं। खास बात यह है कि इस खेती से उन्हें बेहतर आमदनी के साथ गांव के 15 से 20 लोगों को नियमित रोजगार भी मिल रहा है।

एक एकड़ में 5 लाख रुपये तक की बिक्रीविद्याधर पटेल के मुताबिक, गेंदा फूल की खेती से एक एकड़ में लगभग 5 लाख रुपये तक की बिक्री होती है, जबकि उत्पादन पर करीब 1 से 1.5 लाख रुपये की लागत आती है। दशहरा और दीपावली के दौरान फूलों की मांग सबसे अधिक रहती है। इसी को ध्यान में रखकर वे खेती और बाजार की तैयारी करते हैं।

पॉलीबैग तकनीक ने बदली खेती की तस्वीरशुरुआत में खुले खेत में पौधे तैयार करने के दौरान बीजों का सही अंकुरण नहीं होने और समय पर पौधे तैयार नहीं हो पाने से उन्हें नुकसान उठाना पड़ता था। इस समस्या का समाधान निकालते हुए उन्होंने पॉलीबैग तकनीक अपनाई। इससे पौधों की तैयारी बेहतर हुई और फूलों की बिक्री के लिए समय का बेहतर प्रबंधन संभव हुआ। अब दीपावली के दौरान बिक्री नहीं होने पर भी फूलों को बाद में बाजार में बेचने का अवसर मिल जाता है।

छत्तीसगढ़ से ओडिशा तक रोजाना 12 से 15 गाड़ियों से सप्लाईविद्याधर पटेल के गेंदा फूल की मांग छत्तीसगढ़ के अलावा ओडिशा में भी है। सुंदरगढ़, झारसुगुड़ा, राउरकेला, संबलपुर और बरगढ़ सहित कई क्षेत्रों में फूल भेजे जाते हैं। वहीं छत्तीसगढ़ के सारंगढ़, रायगढ़, सक्ती, चांपा, कोरबा, अंबिकापुर और जशपुर तक भी नियमित आपूर्ति होती है। सीजन के दौरान प्रतिदिन 12 से 15 गाड़ियों के माध्यम से फूल बाजारों तक पहुंचाए जाते हैं।

परिवार का साथ, ग्रामीणों को रोजगारइस सफलता के पीछे विद्याधर पटेल के परिवार का भी बड़ा योगदान है। उनकी पत्नी और तीनों बेटियां खेती के काम में सहयोग करती हैं। इसके साथ ही गांव के 15 से 20 श्रमिकों को नियमित काम मिलता है। फूलों की ढुलाई के लिए अपने वाहनों के साथ प्रतिदिन 8 से 10 किराये के वाहनों की भी व्यवस्था करनी पड़ती है। इससे वाहन चालकों को भी रोजगार मिल रहा है।

गेंदा के साथ सब्जियों की खेती से भी बढ़ाई आमदनीविद्याधर पटेल गेंदा फूल की खेती के अलावा 4 से 5 एकड़ में मौसमी सब्जियों का उत्पादन भी करते हैं। इनमें भिंडी, बरबट्टी, पत्तागोभी और फूलगोभी प्रमुख हैं। इसके अलावा वे अपनी बाड़ी में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक छत्तीस भाजी भी उगाते हैं। गेंदा फूल का सीजन समाप्त होने के बाद वे सब्जियों की खेती और बिक्री पर ध्यान देते हैं।

प्रदर्शनी में फूलों की मांग देखकर शुरू किया था कारोबारविद्याधर पटेल वर्ष 1994-95 से सब्जियों की खेती कर रहे थे। रायपुर और रायगढ़ में आयोजित कृषि प्रदर्शनियों में भाग लेने के दौरान उन्होंने गेंदा फूल की अच्छी मांग और बिक्री देखी। यहीं से उन्हें व्यावसायिक रूप से फूलों की खेती शुरू करने का विचार आया। वर्ष 2007-08 में उन्होंने इसकी शुरुआत की और धीरे-धीरे खेती का रकबा बढ़ाकर आज 7 से 8 एकड़ तक पहुंचा दिया।

विद्याधर पटेल की यह सफलता बताती है कि पारंपरिक खेती के साथ नई फसलों, आधुनिक तकनीक और बाजार की मांग को अपनाकर किसान अपनी आमदनी बढ़ाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर भी पैदा कर सकते हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *