मुख्यमंत्री ने 62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, वेशभूषा एवं अन्य आवश्यक सामग्री के लिए आर्थिक सहायता देने की घोषणा की
मानव जीवन को परोपकार, सेवा और जरूरतमंदों की सहायता में लगाना ही सबसे बड़ा धर्म : मुख्यमंत्री श्री साय
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपनी धर्मपत्नी एवं कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल्या साय के साथ जशपुर जिले के ग्राम पमशाला स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर (कंवर धाम) में आयोजित कार्तिक मास के भजन-कीर्तन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री राधा-कृष्ण की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं के साथ मंजीरा बजाकर भजन-कीर्तन में भी सहभागिता की।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की सभी 62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, वेशभूषा और आवश्यक सामग्री खरीदने के लिए शासन की ओर से आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भजन-कीर्तन हमारी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का अभिन्न हिस्सा हैं। इन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मानव जीवन की सार्थकता परोपकार, सेवा और जरूरतमंदों की सहायता में है। धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को मजबूत करते हैं। उन्होंने कर्मा, दमकच, झूमर और महादेव नाचा जैसी लोक सांस्कृतिक विधाओं के संरक्षण को सामूहिक जिम्मेदारी बताया।
मुख्यमंत्री ने जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होने को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे स्थानीय युवाओं को चिकित्सा शिक्षा के अवसर मिलेंगे और स्वास्थ्य सेवाएं भी मजबूत होंगी। उन्होंने संत गहिरा गुरु महाराज के सामाजिक सुधार एवं जनजातीय समाज के उत्थान में योगदान को भी याद किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मोदी की गारंटी के तहत 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति, 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी, महतारी वंदन योजना और रामलला दर्शन योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे।







