एम्स रायपुर में आईआरआईए के 16वें सम्मेलन का शुभारंभ, तकनीक और संवेदनशीलता पर जोर
रायपुर।राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता चिकित्सा क्षेत्र में रोगों की पहचान एवं उपचार को अधिक प्रभावी बना रही हैं, लेकिन तकनीक के साथ चिकित्सक का अनुभव, मानवीय संवेदनशीलता और मरीज के प्रति आत्मीय व्यवहार भी उतना ही जरूरी है। चिकित्सकों को तकनीकी दक्षता के साथ मरीजों के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण अपनाना चाहिए।

राज्यपाल रमेन डेका ने शनिवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), रायपुर में इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन (आईआरआईए), छत्तीसगढ़ राज्य शाखा के 16वें वार्षिक सम्मेलन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने चिकित्सा क्षेत्र में रेडियोलॉजी की बढ़ती भूमिका और आधुनिक तकनीकों के महत्व पर प्रकाश डाला।
राज्यपाल ने कहा कि एक्स-रे से आगे बढ़कर अल्ट्रासाउंड, एमआरआई और अन्य अत्याधुनिक इमेजिंग तकनीकों ने चिकित्सा निदान को अधिक सटीक और प्रभावी बनाया है। इन तकनीकों के माध्यम से रोगों की पहचान और उपचार को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि तकनीक का उपयोग विवेकपूर्ण और संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए।
चिकित्सक और मरीज के बीच संवाद जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि मरीजों के शारीरिक परीक्षण के साथ उनसे संवाद, उनकी बात सुनना और संवेदनशील व्यवहार करना विश्वास पैदा करता है। चिकित्सक और स्टाफ का व्यवहार मरीज के उपचार अनुभव को बेहतर बनाता है। उन्होंने प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. विधानचंद्र रॉय का उदाहरण देते हुए चिकित्सा सेवा में संतुष्टि और अनुभव के महत्व को रेखांकित किया।

मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता जरूरी
श्री डेका ने डिजिटल लत और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए लोगों को जागरूक रहने और जरूरत पड़ने पर परामर्श लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं पर खुलकर बात करना और समय पर सहायता लेना जरूरी है।
सम्मेलन में प्रदेशभर के रेडियोलॉजिस्ट, मेडिकल इमेजिंग विशेषज्ञ एवं चिकित्सक आधुनिक तकनीकों और चिकित्सा क्षेत्र में उनके प्रभाव पर विचार-विमर्श कर रहे हैं। इस अवसर पर एम्स रायपुर के कार्यपालक निदेशक एवं सीईओ लेफ्टिनेंट जनरल अशोक जिंदल, आईआरआईए छत्तीसगढ़ चैप्टर के अध्यक्ष डॉ. पुष्पराज भटले, डॉ. नरेंद्र के. बोधे सहित वरिष्ठ चिकित्सक, फैकल्टी सदस्य और रेजिडेंट डॉक्टर उपस्थित थे।







