बनकोम्बो में सामाजिक भवन के लिए 50 लाख और जोकरी में महतारी सदन के लिए 30 लाख रुपये की घोषणा
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के ग्राम जोकरी में आयोजित प्रांतीय चीक-चिक जाति उत्थान समिति के सामाजिक सम्मेलन एवं सांस्कृतिक महोत्सव में शामिल होकर समाज के विकास के लिए सरकार के पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने बनकोम्बो में चीक समाज के सामाजिक भवन निर्माण के लिए 50 लाख और जोकरी में महतारी सदन के लिए 30 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चीक समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक कौशल और वस्त्र निर्माण की प्राचीन परंपरा छत्तीसगढ़ की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सरकार समाज के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने महतारी वंदन योजना, धान खरीदी के लिए 360 नए केंद्र और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 जैसी योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि हर पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार का संकल्प है। उन्होंने समाज से शिक्षा, कौशल विकास और सामाजिक एकजुटता को मजबूत करने का आह्वान किया।







