रायपुर। रैंडोन्यूर्स द्वारा 25 दिसंबर को आयोजित प्रतिष्ठित एलआरएम 1200 साइक्लिंग इवेंट में रायपुर के साइकिलिस्ट और एनआईटी में कार्यरत सुरेश दुआ ने असाधारण प्रदर्शन करते हुए 1200 किलोमीटर की दूरी 78 घंटे 58 मिनट में पूरी कर ली। इस चुनौती को तय समय 90 घंटे के भीतर पूरा करना अनिवार्य था, लेकिन दुआ ने इसे लगभग 11 घंटे पहले समाप्त कर अपनी शारीरिक और मानसिक क्षमता का लोहा मनवाया।

कठिनतम इवेंट में दुआ अकेले प्रतिभागी
चार दिनों में दुआ ने कठिन रूट पर लगातार लंबी दूरी तय की। पहले दिन 350 किलोमीटर रायपुर से देवरी महाराष्ट्र, दूसरे दिन 380 किलोमीटर रायपुर से सोहेला, ओडिशा, तीसरे दिन 300 किलोमीटर रायपुर से कांकेर और चौथे दिन 170 किलोमीटर रायपुर से गरियाबंद तक साइकिल चलाकर कुल 1200 किलोमीटर की दूरी पूरी की। खास बात यह रही कि इस कठिनतम इवेंट में सुरेश दुआ अकेले प्रतिभागी थे।
चार बार बन चुके हैं सुपर रैंडोन्यूर्स
सुरेश दुआ वर्ष 2025 में चार बार ‘सुपर रैंडोन्यूर्स का खिताब अपने नाम कर चुके हैं। इनमें से एक सुपर रैंडोन्यूर्स उपलब्धि उन्होंने महज छह दिनों में हासिल की थी, जो उनकी निरंतरता और सहनशक्ति को दर्शाती है।
क्या होता है रैंडोन्यूर्स साइकिलिस्ट
रैंडोन्यूर्स वे साइकिलिस्ट होते हैं जो प्रतिस्पर्धा से अधिक आत्मअनुशासन, सहनशक्ति और साहस के लिए लंबी दूरी की साइक्लिंग करते हैं। तय समय सीमा में 200, 300, 400, 600 किलोमीटर जैसी ब्रेवेट राइड पूरी करने पर उन्हें यह आजीवन उपाधि मिलती है।
85 हजार किलोमीटर चला चुके हैं साइकिल
इसी वर्ष जुलाई में सुरेश दुआ ने लेह से उमलिंगला दुनिया के सबसे ऊंचे मोटरेबल पास तक साइकिल यात्रा कर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। साल 2025 में अब तक वे 16,728 किलोमीटर, जबकि कुल मिलाकर 85,241 किलोमीटर साइकिल चला चुके हैं। उनका यह कारनामा रायपुर ही नहीं, पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय है।







