अपडेटताजा खबरसमाचार

मड़ई -2025 के आयोजन में कृषि विद्यार्थियों की कला ने किया मंत्रमुग्ध

कार्यक्रम: गायन, नाटक व फाइन आर्ट्स की रंगबिरंगी प्रस्तुति

रायपुर, 28 दिसम्बर 2025।
इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित सांस्कृतिक युवा महोत्सव “मड़ई–2025” के तीसरे दिन प्रदेश के 31 महाविद्यालयों से आए कृषि विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का भव्य प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। दिनभर चले कार्यक्रमों में कला, संस्कृति और नवाचार का अद्भुत संगम देखने को मिला।

महोत्सव के अंतर्गत माइम (26 टीम), स्किट (15 टीम), भाषण (26 टीम), वाद-विवाद (27 टीम), पोस्टर मेकिंग (26 टीम), मिट्टी कला (26 टीम), रंगोली (30 टीम), डिजिटल फोटोग्राफी (21 टीम), देशभक्ति गीत गायन (20 टीम) तथा एकल गीत गायन (28 टीम) सहित अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने मंचीय प्रस्तुतियों के साथ-साथ फाइन आर्ट्स में भी अपनी सृजनात्मक क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

विविध लोक एवं आदिवासी नृत्यों के माध्यम से विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया। पारंपरिक वेशभूषा और तालबद्ध नृत्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं दर्शकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और कलाकारों को भरपूर तालियों के साथ सराहा।

इस प्रकार मड़ई–2025 का तीसरा दिन उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। विद्यार्थियों की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने पूरे परिसर को कला उत्सव में परिवर्तित कर दिया।

29 दिसम्बर को होगा समापन एवं पुरस्कार वितरण

महोत्सव के चतुर्थ एवं अंतिम दिवस 29 दिसम्बर को प्रातः 9 बजे से लघु नाटिका, तात्कालिक भाषण, लोक एवं आदिवासी नृत्य तथा पाश्चात्य समूह गीत प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। अपरान्ह 4 बजे “मड़ई–2025” का भव्य समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न होगा।

समापन समारोह की मुख्य अतिथि प्रो. (डॉ.) लवली शर्मा, कुलपति, इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय, खैरागढ़ (छत्तीसगढ़) होंगी। समारोह की अध्यक्षता डॉ. गिरीश चंदेल, कुलपति, इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय करेंगे। इस अवसर पर डॉ. संजय शर्मा (अधिष्ठाता छात्र कल्याण), आयोजन सचिव डॉ. सुनील नाग, प्रतियोगिता प्रभारी, निर्णायकगण एवं टीम मैनेजर्स गरिमामयी रूप से उपस्थित रहेंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *