politicalअपडेटएजुकेशनजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरराजनीतिसमाचार

आरंग विधानसभा को 128 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात, मुख्यमंत्री ने की कई घोषणाएं

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को आरंग विधानसभा क्षेत्र के नगर पंचायत समोदा में आयोजित कार्यक्रम में 128 करोड़ रुपये से अधिक के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम रीवा में लगभग 4 करोड़ रुपये की लागत से स्टॉप डैम निर्माण, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय समोदा में अहाता निर्माण, नगर पंचायत समोदा के पंचायत भवन में प्रथम तल निर्माण तथा ग्राम तुलसी के हाई स्कूल को हायर सेकेंडरी में उन्नयन की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन, विकास और जनकल्याण राज्य सरकार की पहचान है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी के अधिकांश वादे ढाई वर्षों में पूरे किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें 10 लाख से अधिक बनकर तैयार हो चुके हैं। किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदा जा रहा है, जबकि महतारी वंदन योजना के तहत महिलाओं के खातों में अब तक 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की जा चुकी है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम 2.0’ अभियान के तहत पौधारोपण किया, सरस्वती साइकिल योजना के अंतर्गत छात्राओं को साइकिल वितरित की तथा मिशन उत्कर्ष के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कौशल विकास एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में आरंग विधानसभा को अब तक 858 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात मिल चुकी है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *