छत्तीसगढ़ में एसआईआर: मतदाता सूची से 27 लाख नाम कटे, 6 लाख से ज्यादा वोटरों की हो चुकी है मृत्यु
रायपुर: राज्य निर्वाचन आयोग ने ‘विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के पहले चरण के बाद मतदाता सूची का प्रारूप (ड्राफ्ट) प्रकाशित कर दिया है। इसमें छत्तीसगढ़ की मतदाता सूची से कुल 27 लाख 34 हजार 817 मतदाताओं के नाम काट दिए गए हैं। इनमें वे लोग शामिल हैं जिन्होंने गणना प्रपत्र जमा नहीं किया या जो अब उस पते पर नहीं रहते। वहीं घर बैठे आनलाइन चेक कर सकते है, कही मतदाता सूची में आपका नाम कट तो नहीं गया है।
1.84 करोड़ लोगों ने ही गणना प्रपत्र जमा किया
आयोग के आंकड़ों के अनुसार हटाए गए नामों में छह लाख 42 हजार 234 मतदाता ऐसे हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। वहीं, लगभग पौने दो लाख मतदाताओं के नाम दो अलग-अलग जगहों पर दर्ज मिले, जिन्हें अब दुरुस्त किया गया है। लगभग 19.13 लाख मतदाता ऐसे पाए गए जो सर्वे के दौरान अपने मूल पते पर नहीं मिले या दूसरे राज्यों या केंद्रशासित प्रदेशों में जाकर बस गए हैं। प्रदेश के कुल 2.12 करोड़ मतदाताओं में से 1.84 करोड़ लोगों ने ही अपना गणना प्रपत्र जमा किया है।

यह भी पढ़ें
22 जनवरी तक नाम जुड़वाने का मौका
अगर आपका नाम सूची से कट गया है तो घबराने की जरूरत नहीं है। आयोग ने पात्र मतदाताओं को अपना नाम वापस जुड़वाने का एक अंतिम अवसर दिया है।
दावा-आपत्ति की अवधि: 23 दिसंबर से 22 जनवरी 2026 तक।
सत्यापन और सुनवाई: 23 दिसंबर से 14 फरवरी 2026 तक।
अंतिम प्रकाशन: फरवरी 2026 को अंतिम सूची जारी होगी।
आयोग का संदेशआयोग के अनुसार एसआइआर का उद्देश्य किसी पात्र व्यक्ति को वोट देने से रोकना नहीं, बल्कि सूची को ‘कचरे और ‘त्रुटियों से मुक्त करना है। जो लोग सर्वे के समय छूट गए थे, वे अब अपने अधिकार के लिए दावा कर सकते हैं।
- मतदाता सूची के आंकड़ें
- विवरण आंकड़े
- हटाए गए नाम 27,34,817
- मृतकों की संख्या 6,42,234
- दो जगह नाम 1,75,000
- शिफ्ट/अनुपस्थित मतदाता 19,13,540
- कुल मतदाता (छत्तीसगढ़) 2,12,30,737
नाम कट गया है तो क्या करें?
यदि ड्राफ्ट सूची में आपका नाम नहीं है, तो आपको फार्म-6 के साथ एक घोषणा पत्र भरना होगा। इसे आप अपने स्थानीय बूथ लेवल आफिसर (बीएलओ) के पास या ऑनलाइन माध्यमों से जमा कर सकते हैं।
कौन कर सकता है आवेदन: जो मतदाता एक जनवरी 2026 को या उससे पहले 18 वर्ष के हो गए हैं, या जो एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष के होने वाले हैं, वे भी अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
स्थानीय बीएलओ के पास उपलब्ध हार्ड कापी देखें। इसके बाद ईसीआई-इन- आईटी मोबाइल एप का उपयोग करें। आधिकारिक पोर्टल वोटर्स डाट ईसीआइ डाट इन पर लाग इन करें।
electoralsearch.eci.gov.in
1. ड्राफ्ट लिस्ट में अपना नाम कैसे चेक करें? लिस्ट जारी होने के बाद अब आप दो आसान तरीकों से अपना नाम जांच सकते हैं।
- ऑनलाइन: चुनाव आयोग की आधिकारिक वेबसाइट (eci.gov.in) पर जाएं या अपने स्मार्टफोन में Voter Helpline App डाउनलोड करें। ऐप में ‘Search in Electoral Roll’ (मतदाता सूची में खोजें) विकल्प पर जाकर आप अपना नाम, पिता का नाम या अपनी वोटर आईडी (EPIC) नंबर डालकर स्थिति जांच सकते हैं।
- ऑफलाइन: यदि आप ऑनलाइन प्रक्रिया में सहज नहीं हैं तो आप अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) से संपर्क कर सकते हैं। उनके पास पूरे क्षेत्र की ड्राफ्ट सूची उपलब्ध होगी। इसके अलावा यह सूची आपके तहसील कार्यालय या जिला निर्वाचन कार्यालय में भी निरीक्षण के लिए उपलब्ध रहेगी।







