ताजा खबरFeaturedअपडेटएजुकेशनजागरूक करने जैसे कार्यसमाचार

UPSC 2025 में छत्तीसगढ़ का जलवा, 6 अभ्यर्थियों ने हासिल की सफलता

रायपुर की वैभवी अग्रवाल ने सिविल सेवा परीक्षा में 35वीं रैंक हासिल कर प्रदेश में टॉप किया

रायपुर। Union Public Service Commission (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 का परिणाम घोषित हो गया है। इस प्रतिष्ठित परीक्षा में छत्तीसगढ़ के 6 अभ्यर्थियों ने सफलता हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। सफल उम्मीदवारों में रायपुर की वैभवी अग्रवाल, रौनक अग्रवाल, संजय डहरिया, मनेंद्रगढ़ जिले की दर्शना सिंह, धमतरी के डायमंड सिंह ध्रुव और बीजापुर के अंकित संकनी शामिल हैं।

प्रदेश में टॉप रहीं वैभवी अग्रवाल

रायपुर की वैभवी अग्रवाल ने सिविल सेवा परीक्षा में 35वीं रैंक हासिल कर प्रदेश में टॉप किया है। वैभवी ने बताया कि उनकी सफलता का मूल मंत्र लगातार मेहनत और परिवार का सहयोग है। उन्होंने कहा कि बिना फल की चिंता किए तीन साल तक लगातार तैयारी की, जिसका परिणाम आज सामने है।

रौनक और संजय को मिली सफलता

रायपुर के मोवा निवासी रौनक अग्रवाल ने 772वीं रैंक हासिल की है। वे मूलतः रायगढ़ के रहने वाले हैं और रायपुर में रहकर तैयारी कर रहे थे। वहीं संजय डहरिया ने 946वीं रैंक प्राप्त की। खास बात यह रही कि दोनों अभ्यर्थियों ने इंटरव्यू से पहले जिला प्रशासन के मॉक इंटरव्यू में हिस्सा लिया था, जहां रायपुर कलेक्टर Gaurav Singh ने उन्हें इंटरव्यू के लिए मार्गदर्शन दिया था। परिणाम आने के बाद कलेक्टर स्वयं उनके घर पहुंचकर बधाई देने गए।

धमतरी के डायमंड सिंह ध्रुव ने हासिल किया 623वां रैंक

धमतरी जिले के परसवानी गांव निवासी डायमंड सिंह ध्रुव ने 623वीं रैंक प्राप्त की है। डायमंड वर्तमान में छत्तीसगढ़ राज्य पुलिस सेवा के 2024 बैच के डीएसपी हैं। पुलिस सेवा ज्वाइन करने के बाद भी उन्होंने यूपीएससी की तैयारी जारी रखी। उन्होंने कहा कि जीवन में धैर्य और निरंतर मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। डायमंड ने अपनी उच्च शिक्षा Jawaharlal Nehru University से पूरी की है और दिल्ली में रहकर बिना किसी कोचिंग के तैयारी की।

दर्शना सिंह बनीं आईपीएस

मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले की दर्शना सिंह ने 283वीं रैंक हासिल कर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चयनित होकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनके पिता अरुण सिंह किसान और राशन दुकान संचालक हैं, जबकि माता सीमा सिंह जनकपुर नगर पंचायत की भाजपा पार्षद हैं। दर्शना ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई Indian Institute of Technology Kanpur से की और बाद में दिल्ली जाकर यूपीएससी की तैयारी की।

बीजापुर के अंकित संकनी ने भी पाई सफलता

बीजापुर जिले के भैरमगढ़ निवासी अंकित संकनी ने यूपीएससी 2025 में 816वीं रैंक हासिल की है। सीमित संसाधनों के बावजूद कड़ी मेहनत और लगन से उन्होंने यह सफलता हासिल की। अंकित की उपलब्धि से पूरे बीजापुर जिले में खुशी का माहौल है और उनकी सफलता से क्षेत्र के युवाओं को नई प्रेरणा मिली है। छत्तीसगढ़ के इन छह युवाओं की सफलता से प्रदेश में उत्साह का माहौल है और यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बन रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *