अपडेटताजा खबरसमाचार

होली पर नगरवासियों को तोहफा:शाम को डेढ़ घंटे पहले खुलेंगे नल, मिलेगा विशेष जल

बदलाव: शहर के 70 वार्डों में सामान्य से 10 एमएलडी अतिरिक्त जल आपूर्ति

रायपुर। रंग-अबीर के पर्व होली पर शहरवासियों को पानी की कमी का सामना नहीं करना पड़ेगा। नगर निगम ने त्यौहार को देखते हुए विशेष जल आपूर्ति योजना लागू की है। निगम प्रशासन ने घोषणा की है कि होली के दिन शहर के 70 वार्डों में सामान्य से 10 एमएलडी अधिक पानी उपलब्ध कराया जाएगा। सामान्य दिनों में फिल्टर प्लांट से लगभग 290 एमएलडी जल आपूर्ति की जाती है, जबकि होली के अवसर पर 300 एमएलडी पानी सप्लाई किया जाएगा। यह अतिरिक्त पानी शहर में स्थापित 43 नई और पुरानी पानी टंकियों के माध्यम से वितरित होगा। निगम का उद्देश्य है कि रंग खेलने और साफ-सफाई के दौरान किसी भी क्षेत्र में जल संकट की स्थिति न बने।

विशेष मॉनिटरिंग की व्यवस्था
सबसे बड़ी राहत यह है कि होली के दिन शाम के समय जल आपूर्ति डेढ़ घंटे पहले शुरू होगी। सामान्यत: शाम 6 बजे खुलने वाले नल 4 मार्च को शाम 4:30 बजे ही चालू कर दिए जाएंगे। सुबह की नियमित जल आपूर्ति यथावत रहेगी। जल विभाग के कार्यपालन अभियंता नरसिंग फरेंद्र ने बताया कि त्यौहार को देखते हुए विशेष मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी वार्ड में दबाव या वितरण संबंधी समस्या न आए।

टैंकरों से भी होगा पानी आपूर्ति
इधर होली के मद्देनजर पानी टैंकरों की मांग भी बढ़ने लगी है। नगर निगम के पास कुल 65 पानी टैंकर उपलब्ध हैं। इनमें से 30 टैंकर जल संकट प्रभावित इलाकों में पेयजल आपूर्ति के लिए सुरक्षित रखे गए हैं, जबकि शेष 35 टैंकर शहर और आउटर वार्डों में सार्वजनिक मांग के आधार पर लगाए जाएंगे। मोहल्ला समितियां, सामाजिक संस्थाएं और जनप्रतिनिधि अपने-अपने क्षेत्रों में टैंकर की मांग कर रहे हैं।

भंडारण के लिए व्यवस्था पर होगी आपूर्ति
जल विभाग ने स्पष्ट किया है कि टैंकर से पानी लेने के लिए संबंधित क्षेत्र में ड्रम या अन्य भंडारण की व्यवस्था पहले से करनी होगी। किसी एक स्थान पर टैंकर खड़ा कर स्थायी आपूर्ति की अनुमति नहीं दी जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *