ताजा खबरpoliticalअपडेटजागरूक करने जैसे कार्यराजनीतिसमाचार

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने हाथ में तिरंगा थामकर किया भव्य तिरंगा यात्रा का नेतृत्व

मुख्यमंत्री ने कहा – 140 करोड़ भारतीयों को एक सूत्र में बांधता है तिरंगा

हजारों कदमों के साथ गूंजा ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ का संकल्प

तिरंगे के रंग में रंगा रायपुर, राष्ट्रध्वज के तले एकजुट हुआ जनसैलाब

छत्तीसगढ़ के वीर सपूतों की शौर्यगाथा का किया स्मरण, शहीद वीर नारायण सिंह और गुण्डाधुर को किया नमन

रायपुर 10 अगस्त 2026/ हाथों में लहराता तिरंगा, भारत माता के जयघोष, देशभक्ति के गीत और राष्ट्रप्रेम से ओतप्रोत हजारों नागरिकों का उत्साह – राजधानी रायपुर आज पूरी तरह तिरंगे के रंग में रंगी नजर आई। बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम से सुभाष स्टेडियम तक निकली भव्य तिरंगा यात्रा में हजारों नागरिक राष्ट्रध्वज के तले एकजुट हुए।

यात्रा के दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम् और झंडा ऊंचा रहे हमारा जैसे नारों से पूरा रायपुर गूंज उठा। मार्ग में नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया और घरों व प्रतिष्ठानों से तिरंगा लहराकर राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त किया। पूरा यात्रा मार्ग तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान है। यह भारत की एकता, अखंडता, स्वाभिमान और असंख्य बलिदानों का प्रतीक है। तिरंगा देश के 140 करोड़ नागरिकों को एक सूत्र में जोड़ने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता हमें सहज रूप से नहीं मिली, बल्कि लाखों देशवासियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान से मिली है। नई पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान से परिचित कराकर आजादी के वास्तविक मूल्य को समझाना आवश्यक है।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के वीर सपूत शहीद वीर नारायण सिंह और बस्तर के जननायक गुण्डाधुर को याद करते हुए कहा कि प्रदेश के अनेक ज्ञात-अज्ञात सेनानियों ने स्वतंत्रता संग्राम में अदम्य साहस और स्वाभिमान का परिचय दिया। उनकी शौर्यगाथा नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने कहा कि बस्तर अब हिंसा और भय के दौर से निकलकर शांति, विश्वास और विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इस वर्ष बस्तर के गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों में भी स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह से मनाया जाएगा और तिरंगा गौरव के साथ लहराएगा।

उप मुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने तिरंगा यात्रा को स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता की सामूहिक अभिव्यक्ति बताया। वहीं उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि तिरंगा राष्ट्रीय अस्मिता, गौरव और एकता का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का आह्वान किया।

यात्रा में मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, महापौर, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, विद्यार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *