टेक्सटाइल, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी और सेमीकंडक्टर सेक्टर में बढ़ रहा निवेश; हजारों युवाओं के लिए रोजगार की संभावनाएं
रायपुर। नवा रायपुर अटल नगर अब आधुनिक प्रशासनिक राजधानी के साथ-साथ निवेश, उद्योग और रोजगार के नए केंद्र के रूप में अपनी पहचान मजबूत कर रहा है। सुनियोजित विकास, बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक अधोसंरचना के बीच टेक्सटाइल, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स, आईटी और सेमीकंडक्टर जैसे भविष्य के उद्योगों को बढ़ावा दिया जा रहा है।
नवा रायपुर के लेयर-2 स्थित ग्राम कुर्रू में 100 एकड़ में टेक्सटाइल पार्क विकसित किया जा रहा है। स्विफ्ट टेक्सटाइल प्राइवेट लिमिटेड ने 235 करोड़ रुपए के निवेश से गारमेंट मैन्युफैक्चरिंग यूनिट का भूमिपूजन किया है, जिससे करीब 4,650 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है। वहीं पुनीत क्रिएशन के साथ 175 करोड़ रुपए के निवेश का समझौता हुआ है। टेक्सटाइल पार्क से लगभग 10 हजार रोजगार सृजन का लक्ष्य है।

सेक्टर-22 में 132 एकड़ में फार्मा पार्क विकसित किया जा रहा है। इसमें करीब 2 हजार करोड़ रुपए के निवेश और 1,400 रोजगार का लक्ष्य है। टोरेंट फार्मा, एविला फार्मास्युटिकल्स और विटालिस हेल्थ के साथ 735 करोड़ रुपए के एमओयू किए जा चुके हैं।

इलेक्ट्रॉनिक्स क्षेत्र में यश फैंस ने 110 करोड़ रुपए के निवेश से होम अप्लायंसेज निर्माण इकाई शुरू की है। इलेक्ट्रॉनिक कॉमन फैसिलिटी सेंटर को भी मंजूरी मिल चुकी है, जहां पीसीबी प्रोटोटाइपिंग, 3डी प्रिंटिंग और ईएमसी टेस्टिंग जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
MSME क्षेत्र को भी औद्योगिक विकास की रीढ़ बनाने की दिशा में काम हो रहा है। सेक्टर-05 में वर्तमान में एक हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिल रहा है, जबकि भविष्य में 12 हजार से अधिक रोजगार की संभावना है।
आईटी और डिजिटल क्षेत्र में भी नवा रायपुर तेजी से आगे बढ़ रहा है। 2,000 सीटों वाले प्लग एंड प्ले आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर में कंपनियां कार्य कर रही हैं। वहीं करीब 1,000 करोड़ रुपए की लागत से AI आधारित डेटा सेंटर पार्क और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसी परियोजनाएं डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूती दे रही हैं।

इस तरह नवा रायपुर में उद्योगों के विविधीकरण के साथ रोजगार, कौशल विकास और सहायक सेवाओं के विस्तार की संभावनाएं बढ़ रही हैं। आधुनिक राजधानी से निवेश और रोजगार के प्रमुख केंद्र की ओर बढ़ता नवा रायपुर आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की औद्योगिक अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने की क्षमता रखता है।







