अपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरसमाचार

सेंध झील के आसमान में वायु सेना के जांबाजों ने दिखाए हैरतअंगेज करतब, हवाई प्रदर्शन का समापन

‘आकाश गंगा’, गरुड़ कमांडो और ‘सारंग’ टीम के रोमांचक प्रदर्शन ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध, राज्यपाल रमेन डेका हुए शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव-2026 के अवसर पर नवा रायपुर स्थित सेंध झील के आसमान में भारतीय वायु सेना द्वारा आयोजित दो दिवसीय हवाई प्रदर्शन का रविवार को शानदार समापन हुआ। समापन समारोह में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर संस्कृति मंत्री श्री राजेश अग्रवाल भी उपस्थित रहे।

1 और 2 नवंबर को आयोजित इस आयोजन में भारतीय वायु सेना की ‘आकाश गंगा’ स्काईडाइविंग टीम, एमआई-17 हेलीकॉप्टर के साथ गरुड़ कमांडो और ‘सारंग’ हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने अपने अद्भुत कौशल का प्रदर्शन किया।

‘आकाश गंगा’ टीम के जवानों ने पैराशूट के जरिए आसमान से उतरकर दर्शकों को रोमांचित किया। वहीं, एमआई-17 हेलीकॉप्टर से गरुड़ कमांडो की त्वरित तैनाती ने वायु सेना की परिचालन क्षमता और सटीक टीमवर्क की झलक दिखाई। ‘सारंग’ टीम के हेलीकॉप्टरों ने आकर्षक फॉर्मेशन और हैरतअंगेज हवाई करतबों से लोगों का मन मोह लिया।

इस दो दिवसीय आयोजन में बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। हवाई प्रदर्शन ने युवाओं को विमानन क्षेत्र में करियर बनाने और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया। साथ ही भारतीय वायु सेना के साहस, अनुशासन और उत्कृष्टता के प्रति लोगों का गर्व और सम्मान बढ़ाया।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *