अपडेटखेतीजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरनवाचारप्रादेशिक-जिलासमाचार

छत्तीसगढ़ के सुगंधित चावल को वैश्विक बाजार में पहचान दिलाने की पहल

बार्सिलोना में कृषि मंत्री रामविचार नेताम के प्रतिनिधिमंडल की महत्वपूर्ण व्यावसायिक चर्चा, जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ की अंतरराष्ट्रीय ब्रांडिंग पर जोर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पारंपरिक सुगंधित चावल और विशिष्ट कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजार में नई पहचान दिलाने की दिशा में पहल तेज हो गई है। कृषि मंत्री रामविचार नेताम के नेतृत्व में स्पेन पहुंचे राज्य के प्रतिनिधिमंडल ने बार्सिलोना में अंतरराष्ट्रीय व्यापार एवं प्रदर्शनी संस्था फिरा बार्सिलोना के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण व्यावसायिक चर्चा की। इसमें प्रदेश के कृषि उत्पादों की वैश्विक ब्रांडिंग, निर्यात संभावनाओं और यूरोपीय बाजारों तक पहुंच बढ़ाने पर जोर दिया गया।

बैठक में फिरा बार्सिलोना के सीईओ रिकॉर्ड जेप्टरो, कृषि उत्पादन आयुक्त सिद्धार्थ कोमल सिंह परदेशी, कृषि संचालक राहुल देव तथा काउंसिल जनरल ऑफ इंडिया की अधिकारी आर्स निसार उपस्थित थीं। चर्चा के दौरान जीराफूल, जवाफूल, नगरी दुबराज और कालीमूंछ जैसे पारंपरिक सुगंधित चावल को अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनियों और व्यापार मंचों के माध्यम से प्रचारित करने पर सहमति बनी।

फिरा बार्सिलोना की ओर से छत्तीसगढ़ शासन के साथ समन्वय कर प्रदेश के विशिष्ट कृषि उत्पादों को वैश्विक मंच उपलब्ध कराने में सहयोग की बात कही गई। इससे किसानों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ), कृषि उद्यमियों और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से जुड़ने के नए अवसर मिल सकते हैं।

प्रदेश के जीराफूल और नगरी दुबराज चावल को जीआई टैग प्राप्त है। इनकी विशिष्ट खुशबू, स्वाद और गुणवत्ता को अंतरराष्ट्रीय बाजार में पहचान दिलाने से किसानों को बेहतर मूल्य मिलने तथा पारंपरिक धान किस्मों के संरक्षण को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार निर्यात प्रोत्साहन नीति 2026-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश का निर्यात दोगुना करने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है। ऐसे में बार्सिलोना में हुई चर्चा कृषि निर्यात, उत्पादों की ब्रांडिंग और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *