अपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरसमाचार

जनजातीय विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी : मंत्री केदार कश्यप

रायपुर में जनजातीय गौरव दिवस एवं वीरांगना शौर्य उत्सव का भव्य आयोजन, बनेगा ‘सेवा पार्क’

रायपुर। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर रायपुर के पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय सभागार में जनजातीय गौरव दिवस एवं वीरांगना शौर्य उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति और परंपराओं को सहेजकर नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा, शहीद वीर नारायण सिंह और अमर शहीद गुंडाधुर जैसे जनजातीय नायकों का संघर्ष और बलिदान समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में जनजातीय समाज के उत्थान, संस्कृति संरक्षण और दूरस्थ अंचलों के विकास को नई गति मिल रही है। नक्सलवाद के उन्मूलन के प्रयासों से प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास का वातावरण बन रहा है।

अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रूपसिंह मंडावी ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को याद किया। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बताया कि सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने रायपुर में ‘सेवा पार्क’ विकसित किया जाएगा, जहां नागरिक जन्मदिन और विवाह वर्षगांठ जैसे अवसरों पर जरूरतमंदों के लिए उपयोगी सामग्री दान कर सकेंगे।

कार्यक्रम में सुआ नृत्य, राउत नाचा, शबरी माता पर आधारित नाट्य प्रस्तुति और बच्चों की रंगोली ने आकर्षण बढ़ाया। इस अवसर पर विधायक पुरन्दर मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कलाकार और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *