जनजातीय गौरव दिवस समारोह में बच्चों की प्रतिभा ने बटोरी सराहना, आध्या ने कविता के जरिए जीवंत किया भगवान श्रीकृष्ण का संघर्षपूर्ण बाल जीवन
रायपुर, 21 नवंबर 2026। धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर रायपुर के पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय सभागार में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस एवं वीरांगना शौर्य उत्सव में बच्चों की प्रतिभा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। समारोह में राजकुमार कॉलेज की छात्रा आध्या सिंह ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्म से लेकर बचपन तक की व्यथा और संघर्ष को अपनी कविता में पिरोकर बेहद प्रभावशाली प्रस्तुति दी। उनकी भावपूर्ण अभिव्यक्ति ने सभागार में मौजूद अतिथियों और दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।

आध्या ने अपनी कविता के माध्यम से मथुरा की जेल में श्रीकृष्ण के जन्म, माता-पिता देवकी और वसुदेव से बिछोह, कंस के अत्याचार और गोकुल में यशोदा मैया के स्नेह के बीच बीते बचपन की पीड़ा को शब्दों में ढाला। कविता की शुरुआती पंक्तियां थीं—
“जन्म से पहले मेरी मौत इंतजार में, कैसे कहूं, कहानियां अब सुनो पूरी लंबी कतार में। जन्म हुआ मेरा जेल में, मां-बाप का चेहरा मैंने देखा नहीं… मेरे मां-पिता मेरे देवता और दोनों ही थे जेल में। कर्तव्य मिले मुझे जन्म से, बचपन बीता संघर्ष में। जिस मां ने पाला-पोसा मुझे, उससे भी हो गया दूर मैं…”
श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े इन प्रसंगों को आध्या ने जिस संवेदनशीलता और आत्मीयता के साथ प्रस्तुत किया, उसने श्रोताओं को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया। देवकी-वसुदेव की विवशता, कंस के अत्याचार और यशोदा मैया से बिछड़ने की पीड़ा को कविता के माध्यम से सुनकर दर्शक दीर्घा में बैठे अतिथि भी प्रभावित हुए। प्रस्तुति समाप्त होते ही पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
समारोह में छात्रा आश्रा सिंह और अक्षरा सिंह ने भी अपनी शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। उनकी प्रस्तुति को भी खूब सराहना मिली। बच्चों ने अपनी कला, अभिव्यक्ति और आत्मविश्वास से यह दिखाया कि नई पीढ़ी भारतीय संस्कृति, धार्मिक प्रसंगों और गौरवशाली परंपराओं को रचनात्मक माध्यमों से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत कर रही है।
जनजातीय गौरव दिवस जैसे आयोजन बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करते हैं। आध्या और आश्रा की प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद लोगों के बीच विशेष छाप छोड़ी।
राजकुमार कॉलेज की छात्रा आध्या सिंह की श्रीकृष्ण के जन्म से बचपन तक की पूरी भावपूर्ण कविता और अक्षरा सिंह की प्रस्तुति वीडियो में देख-सुन सकते हैं।







