समय-सीमा बैठक में धान खरीदी, शहर की सफाई और लंबित जनशिकायतों की समीक्षा
रायपुर। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में धान खरीदी का कार्य पूरी पारदर्शिता और सुचारू रूप से संचालित हो तथा किसानों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने सभी धान उपार्जन केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने मंगलवार को समय-सीमा की बैठक में धान खरीदी व्यवस्था, शासकीय योजनाओं और शहर की साफ-सफाई की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उपार्जन केंद्रों में किसानों के बैठने, छाया, पेयजल, बारदाना, तौल और धान के सुरक्षित भंडारण की पर्याप्त व्यवस्था होनी चाहिए। टोकन व्यवस्था सुचारू रखने के साथ किसानों को अनावश्यक इंतजार न करना पड़े। खरीदी केंद्रों का नियमित निरीक्षण कर समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए।
बैठक में रायपुर शहर की स्वच्छता व्यवस्था पर भी जोर दिया गया। कलेक्टर ने नगर निगम अधिकारियों को सभी वार्डों, प्रमुख सड़कों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर नियमित सफाई तथा कचरे का समय पर उठाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।







