Featuredअपडेटजागरूक करने जैसे कार्यताजा खबरप्रादेशिक-जिलाराजनीतिसमाचार

सुदूर कोण्डापल्ली पहुंचकर मुख्यमंत्री ने परखी योजनाओं की जमीनी हकीकत

आयोजित जनचौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं

बीजापुर, 2 जून। प्रदेशव्यापी सुशासन तिहार के तहत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मंगलवार को बीजापुर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित कोण्डापल्ली गांव पहुंचे। यहां आयोजित जनचौपाल में उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं, विभिन्न शासकीय योजनाओं की जमीनी स्थिति का जायजा लिया तथा लाभार्थियों से मुलाकात कर योजनाओं के प्रभाव की जानकारी प्राप्त की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशासन तिहार केवल एक प्रशासनिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का अभियान है। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और किसी भी जरूरतमंद को अपने अधिकारों एवं सुविधाओं के लिए भटकना न पड़े।

विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया

जनचौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और हितग्राहियों को वनाधिकार मान्यता पत्र, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति पत्र, श्रम कार्ड तथा किसान हितग्राही योजनाओं सहित विभिन्न योजनाओं के लाभ वितरित किए। उन्होंने लाभार्थियों से चर्चा कर उनके अनुभव भी जाने।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों से प्राप्त आवेदनों और शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना की सफलता तभी मानी जाएगी जब उसका लाभ सही समय पर पात्र व्यक्ति तक पहुंचे और आमजन को शासन की संवेदनशीलता का अनुभव हो।

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं के समाधान और क्षेत्र के विकास के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बस्तर सहित प्रदेश के दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में विकास की नई धारा पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, विशेष सचिव रजत बंसल सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *